Weather Update : इस बार हरियाणा, NCR दिल्ली सहित उत्तर भारत में पड़ेगी भयंकर ठंड, जानें मौसम का हाल

Mausam Ki Jankari
हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में किसी भी मौसम प्रणाली के मौजूद ना होने से सम्पूर्ण इलाके में मौसम साफ और शुष्क हो गया है। साथ ही मौसम में बदलाव के कारण गुलाबी ठंड का असर दिखने लगा है। पिछले दिनों बंगाल की खाड़ी पर बनी मौसम प्रणाली के प्रभाव से सम्पूर्ण इलाके में बारिश दर्ज की गई। परंतु अब हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में मौसम शुष्क और साफ हो गया है।
राजकीय महाविद्यालय नारनौल ( हरियाणा ) के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि उत्तर भारत के बड़े हिस्से से मानसून की विदाई हो चुकी है। वर्तमान में समुद्री सतह से 5 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक प्रतिचक्रवात ( एंटी- साइक्लोन ), दक्षिण पाकिस्तान व साथ लगते उत्तर अरब सागर और गुजरात और पश्चिमी राजस्थान के इलाकों पर बना हुआ है। जिस कारण उत्तर भारत में उत्तर-पश्चिमी हवाओं का आधिपत्य बीते 2 दिनों से देखने को मिल रहा है। धीरे-धीरे इसका विस्तार राजस्थान, हरियाणा और एनसीआर दिल्ली तक रविवार तक पहुंचने की संभावना बन रही है। इस मौसमी प्रणाली से पंजाब, राजस्थान, गुजरात, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है और पश्चिमी उत्तरी शुष्क और ठंडी हवाएं चलने लगी है।
24 अक्टूबर ( दीपावली पर्व ) तक सम्पूर्ण इलाके में बारिश नदारद रहने की संभावना है। केवल हरियाणा के उत्तरी जिलों में सिमित स्थानों पर 19 से 21 अक्टूबर के दौरान हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात भी होने लगा है और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान भी 19.0 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने लगा है और रात्रि के तापमान में गिरावट हो रही है। शनिवार को हरियाणा में न्यूनतम तापमान 16.0 से 19.0 डिग्री के बीच जबकि अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री से 30.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो गुलाबी ठंड का संकेत दे रहा है। साथ ही दीपावली के बाद कंपकंपा देने वाली ठंड की मैदानी इलाकों विशेषकर पंजाब, हरियाणा, एनसीआर दिल्ली और राजस्थान में दबे पांव दस्तक देने की संभावना बन रही है। हरियाणा दिल्ली-एनसीआर में मौसम में तेजी से बदलाव होने लगा है। इस तरह का मौसम का बदलाव बिमारियों को आमंत्रित करता है इसलिए आमजन सावधानी बरतें।
इसके अलावा 18 अक्टूबर को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने जा रहा है जिस कारण उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात होने और उत्तरी मैदानी राज्यों में हल्की बारिश की संभावना बन रही है। आने वाले दिनों में उत्तरी पश्चिमी ठंडी हवाओं का रूख देखने को मिलेगा और दिनभर तेज़ धूप खिली रहने से दिन गर्म और रात्रि ठंडी रहेंगी। साथ ही सुबह के समय हल्का कुहासा भी देखने को मिलेगा। 18 अक्टूबर के बाद उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
साथ ही बंगाल की खाड़ी पर 22 अक्टूबर को एक डिप्रेशन बनने जा रहा है जिस कारण पूर्वी भारत के राज्यों पर असर देखने को मिलेगा, जबकि हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में केवल आंशिक बादलवाही देखने को मिलेगी। इस साल भी ला- नीना का प्रभाव भी जारी है जिसकी वजह से अच्छी ठंड पड़ेगी और हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में लंबे समय तक ठंड रहने के आसार हैं। नवम्बर और दिसम्बर महीने में पश्चिमी विक्षोभ भी अधिक सक्रिय रहेंगे जिस कारण उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात और मैदानी राज्यों में बारिश की गतिविधियां भी अधिक देखने को मिलेगी। ठंड के लिए उत्तरदाई पश्चिमी विक्षोभ ब्लैक सी, कैस्पियन सागर से होते हुए ईरान, अफगानिस्तान, पाकिस्तान के रास्ते उत्तर भारत में दस्तक देंगे। जिससे पहाड़ों पर अच्छी बारिश और बर्फबारी होती है, उसके बाद वहां से आने वाली उत्तरी बर्फीली और ठंडी हवा मैदानी राज्यों के मौसम को भी सर्द कर देती है। पिछले साल भी हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में जोरदार ठंड पड़ी थी और ला-नीना के प्रभाव से इस बार भी कंपकंपा देने वाली ठंड होने की संभावना है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS