हरियाणा में चलती ट्रेन में महिला से छेड़छाड़, विरोध करने पर ट्रेन से फेंका, मौत

हरियाणा में चलती ट्रेन में महिला से छेड़छाड़, विरोध करने पर ट्रेन से फेंका, मौत
X
महिला का शव शुक्रवार तड़के 4 बजे परिजनों को बलियाला हेड के पास झाडियों में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जाखल रेलवे पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

हरियाणा के फतेहाबाद में जिले में चलती ट्रेन में महिला के साथ ट्रेन में एक युवक द्वारा छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर उसे चलती ट्रेन से बाहर फेंकने का मामला सामने आया है। इस दर्दनाक हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला का शव शुक्रवार तड़के 4 बजे परिजनों को बलियाला हेड के पास झाडियों में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जाखल रेलवे पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

जांच पड़ताल के दौरान टोहाना स्टेशन से कुछ ही दूरी पर एक युवक भी घायल अवस्था में पड़ा मिला, जिसे अस्पताल लाया गया। बताया गया है कि बच्चे ने उसकी कमीज देखकर आरोपी के रूप में उसकी शिनाख्त की। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि वह वही युवक है या नहीं। घायल को अग्रोहा रेफर किया गया है। शुक्रवार सुबह एसपी आस्था मोदी भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पूरी घटनाक्रम के बारे में महिला के बच्चे ने स्टेशन पर पहुंचकर अपने पिता को जानकारी दी।

महिला के भाई विजेंद्र ने बताया कि उसकी बहन अपने 9 वर्षीय बच्चे के साथ रोहतक के गांव खरैंटी स्थित अपने मायके से ससुराल टोहाना के लिए रवाना हुई थी। बच्चे ने बताया है कि डिब्बा खाली था। नरवाना क्रॉस करते ही एक शख्स ने उसकी मां से छेडख़ानी और बदतमीजी शुरू कर दी। महिला ने बार-बार उसका विरोध किया और इस बात को लेकर उनमें झगड़ा भी हुआ। बच्चे का कहना है कि इसके बाद शख्स ने उसकी मां को डिब्बे से नीचे फेंक दिया। वह डर के मारे दूसरे डिब्बे में चला गया। बाद में जब स्टेशन आया तो वहां उनको रिसीव करने के लिए उसका पिता हरजिंद्र मौजूद था। बच्चे ने खिड़की से ही हड़बड़ाहट में अपने पिता को आवाजें लगाई और फिर सारी बात अपने पिता को बताई। जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया और उन्होंने खुद अपने स्तर पर भी रात को ही पटरी के साथ-साथ महिला की खोजबीन शुरू कर दी।

शुक्रवार तड़के 4 बजे महिला का शव बलियाला हेड के आसपास मिल गया, जिसके बाद डायल 112 को सूचित किया गया। पुलिस मौके पर पहुंची और रेलवे पुलिस को सूचित किया गया। सुबह घटनास्थल पर पहुंचे जाखल चौकी इंचार्ज ने बताया कि सुबह ही टोहाना स्टेशन के पास एक युवक भी ट्रेन से गिर कर घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले आई और उसको अग्रोहा रेफर कर दिया।


महिला के भाई ने बताया कि बच्चे ने घायल युवक की कमीज देखकर बताया कि यही वो शख्स है, जिसने उसकी मां को ट्रेन से नीचे फेंका। हालांकि पुलिस का कहना है कि बच्चे के अभी बयान दर्ज होने है और शिनाख्त करवाई जाएगी।

Tags

Next Story