सोनीपत में महिला की हत्या : सीवर मेनहोल को लेकर झगड़ा, कपड़ा कारोबारी की पत्नी के सिर में मारी ईंट

हरिभूमि न्यूज. सोनीपत
सिविल लाइन थानाक्षेत्र की धानक बस्ती में सीवर के मेनहोल के स्थान को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। जिसमें सिर पर ईंट से वार करके कपड़ा कारोबारी की पत्नी व बेटे को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। अस्पताल ले जाते समय महिला की मौत हो गई। महिला बाजार से करवाचौथ का सामान लेकर लौट रही थी। वारदात के बाद आरोपित पहलवान फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर में बस अड्डे के पास धानक बस्ती में एक गली में निर्माण कार्य चल रहा था। वहां पर सीवर लाइन बिछाई जा रही है। गली बेहद छोटी है। ऐसे में सीवर लाइन का मेनहोल बनाने को लेकर कपड़ा कारोबारी सुभाष उर्फ बाबी और कृष्ण कुमार के परिवार के विवाद चल रहा था। दोनों ही सीवर का मेनहोल अपने घर के सामने बनने का विरोध कर रहे थे। इसको लेकर दोनों परिवारों में कई दिन से विवाद चल रहा था। बुधवार शाम को कपड़ा कारोबारी सुभाष की पत्नी सावित्री उर्फ सुमित्रा बाजार से करवाचौथ का सामान लेकर लौटी थी।
उनका बेटा बंटी भी साथ में था। इसी दौरान मेनहोल को लेकर दोनों पक्षों में फिर से विवाद हो गया। पड़ोसी कृष्ण के पुत्र अंकित ने अपने मकान की छत से ईंट बरसानी शुरू कर दी। अंकित पहलवान है और एक अखाड़े में अभ्यास करता है। अंकित ने सावित्री और उनके परिवार के सदस्यों को निशाना बनाकर ईंट फेंकनी शुरू कर दीं। ईंट लगने से महिला सुमित्रा उर्फ सावित्री व उनका बेटा बंटी गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार के लोग पड़ोसियों की मदद से दोनों को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने सावित्री को मृत घोषित कर दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपित पहलवान अंकित फरार हो गया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS