पहलवानों को समर्थन देने बेरिकेड्स तोड़ दिल्ली में घुसी महिला किसान, बार्डर पर पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की

- दिल्ली पुलिस ने रोका तो लगाए नारे, विरोध के बाद छोड़ दिया रास्ता
- जंतर मंतर पर पहुंचकर पहलवानों काे दिया समर्थन
Bahadurgarh : पहलवानों के समर्थन में पंजाब से दिल्ली के लिए चले महिला किसानों के जत्थे को टीकरी बॉर्डर पर रोका गया। ऐसे में दिल्ली पुलिस और किसान आमने-सामने हो गए। किसानों और दिल्ली पुलिस के बीच खूब धक्का-मुक्की हुई। बेरिकेड्स तोड़कर जत्था दिल्ली में प्रवेश कर गया। दिल्ली की सीमा में किसानों ने धरना दिया तो पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। हालातों को भांपते हुए किसानों को आगे जाने का रास्ता दे दिया गया।
भाजपा सांसद एवं कुश्ती संघ (Wrestling Association) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर महिला पहलवानों के साथ यौन शोषण का आरोप है। उनके खिलाफ दिल्ली पुलिस में केस दर्ज कराया गया है। उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर देश के नामी पहलवान अपने समर्थकों सहित धरना दे रहे हैं। देशभर से पहलवानों को समर्थन मिल रहा है। लगातार खाप व किसान संगठन जंतर-मंतर पर पहुंच रहे हैं। देश की बड़ी किसान यूनियन (भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहां) ने भी समर्थन दिया है। संगठन से जुड़ी सैकड़ों महिला किसानों का एक जत्था रविवार की सुबह टीकरी बॉर्डर पहुंचा। इससे पहले ही दिल्ली और हरियाणा की पुलिस चौकस थी। बॉर्डर पर दोनों ओर बेरिकेडिंग की गई थी। काफी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात थे। रिजर्व फोर्स भी बुलाई गई थी।
किसान शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ रहे थे तो हरियाणा में कहीं नहीं रोका गया, लेकिन बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस आगे अड़ गई। जत्थे की अगुवाई कर रहे किसान नेताओं ने पुलिस से आगे बढ़ने की गुजारिश की, लेकिन सुरक्षा व परमिशन का हवाला देकर आगे बढ़ने नहीं दिया। इससे आहत महिला किसानों ने नारेबाजी शुरू कर दी। उन्हें रोकने का प्रयास हुआ। खूब धक्का मुक्की हुई, लेकिन बेरिकेड्स तोड़ने के बाद जत्था दिल्ली की सीमा में प्रवेश कर गया। महिला किसानों ने कहा कि हम फिलहाल एक दिन के लिए आए हैं। उन्हें शांतिपूर्ण ढंग से जाने दिया जाए अन्यथा जहां रोका जाएगा, वहीं पर धरना दे देंगे। हालांकि कुछ देर के लिए धरना भी दिया गया, जिसे देखते हुए दिल्ली पुलिस में भी हलचल हुई। बाद में किसानों को आगे बढ़ने दिया गया।
यह भी पढ़ें - Yamunanagar : खनन व्यापारी को फोन कर मांगी एक करोड़ की रंगदारी
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS