Yamunanagar : जज का रिश्तेदार बताकर उच्च न्यायालय में सरकारी क्लर्क लगवाने के नाम पर लाखों की ठगी

- आरोपी ने रुपए लेकर पीड़ित को थमाया फर्जी ज्वाइनिंग लेटर
- पुलिस ने आरोपी के खिलाफ किया धोखाधड़ी का केस दर्ज
Yamunanagar : उच्च न्यायालय के जज का रिश्तेदार बताकर सरकारी क्लर्क लगवाने के नाम पर मलिकपुर बांगर निवासी अजय कुमार से एक व्यक्ति ने दस लाख 68 हजार रुपए ठग लिए। आरोप पंचकूला के रथपुर कॉलोनी निवासी चैन सिंह पर लगाया। आरोपी ने उसे फर्जी लेटर दिया। नौकरी न लगने पर जब अजय ने आरोपी से रुपए वापस मांगे तो उसने देने से मना कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार अजय कुमार ने बताया कि उसकी सात मई 2023 को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस अंबाला में पंचकूला की रथपुर कॉलोनी निवासी चैन सिंह के साथ मुलाकात हुई थी। आरोपी ने उसे कहा कि उच्च न्यायालय चंडीगढ़ में क्लर्क के पद पर सरकारी नौकरी निकली हुई है। उच्च न्यायालय के जज उसके रिश्तेदार हैं। एचसीएस से भी उसके संबंध है। आरोपी ने उसे आश्वस्त किया कि वह उसे सरकारी क्लर्क के पद पर लगवा देगा। इसके लिए उसने 20 लाख रुपए की मांग की। सरकारी नौकरी के चक्कर में वह आरोपी चैन सिंह की बातों में आ गया और उसने क्लर्क पद पर लगने के लिए हामी भर दी। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग कर उससे दस लाख 68 हजार रुपए ले लिए। इनमें से कुछ रुपए उसने आरोपी को नकद और कुछ रुपए आरटीजीएस व गूगल पे के माध्यम से खाते में डलवाए।
एक दिन आरोपी ने उसे मिलने के लिए कालका बुलवाया। वहां पर एक लेटर दिया। जिस पर फोटो व रोल नंबर भी था। आरोपी ने उससे एक कागज पर भी हस्ताक्षर कराए। आरोपी ने उससे असली दस्तावेज ले लिए और उसे कहा कि दो से तीन दिन में उसकी सिलेक्शन हो जाएगी। इसके बाद वह घर आ गया। जब उसने वह लेटर देखा तो उसे कुछ शक हुआ। उसने अपने स्तर पर इस लेटर के बारे में पता किया तो यह फर्जी निकला। उसने आरोपी से इस बारे में बात की और पंचायत हुई। जिसमें आरोपी ने गलती मानते हुए पूरे रुपए ब्याज सहित देने का वायदा किया। लेकिन फिर भी आरोपी ने उसके रुपए वापस नहीं किए। उसने परेशान होकर इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें - Hisar : जींद की नाबालिग के साथ नारनौंद में गैंगरेप, बनाई अश्लील वीडियो
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS