Yamunanagar : युवक को साइप्रस भेजने के नाम पर दंपती ने ठगे लाखों

- पैसे वापस मांगने पर मिली जान से मारने की धमकी
- पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ किया केस दर्ज
Yamunanagar : साइप्रस भेजने के नाम पर फतेहगढ़ तुंबी निवासी राहुल कुमार से साढ़े छह लाख रुपए ठग लिए। आरोपी चंडीगढ़ निवासी अमनदीप सिंह व उसकी पत्नी मानसी पर लगा है। बिलासपुर पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार गांव फतेहगढ़ तुंबी निवासी राहुल कुमार ने बताया कि वह विदेश जाना चाहता था। दिसंबर 2022 में उसने साइप्रस भेजने का विज्ञापन देखा। विज्ञापन देख उसने चंडीगढ़ निवासी अमनदीप सिंह से संपर्क किया। आरोपियों ने उसे बताया कि वे लोगों को विदेश भेजने का काम करते है। उनका चंडीगढ़ सेक्टर-9 सी स्थित एवीएम ग्लोबल के नाम से कार्यालय है। आरोपियों ने उसे अपने कार्यालय बुलाया। 22 दिसंबर 2022 को वह आरोपियों के कार्यालय गया। जहां उसे अमनदीप सिंह व उसकी पत्नी मानसी मिली। आरोपियों ने उसे स्टडी वीजा पर साइप्रस भेजने के साढ़े छह लाख रुपए खर्च बताया। आरोपियों ने उससे कहा कि उसकी कॉलेज में फीस जमा होने के बाद ही उसे साइप्रस भेज दिया जाएगा। आरोपियों की बातों में आकर उसने अलग-अलग कर उन्हें साढ़े छह लाख रुपए दे दिए। दस मार्च को आरोपियों ने उसे ऑनलाइन टेस्ट देने के लिए अपने सेंटर बुलाया, जहां उसने टेस्ट दिया।
टेस्ट क्लीयर होने के बाद आरोपियों ने दस हजार रुपए और बैंक खाता खुलवाने के नाम पर लिए। इसके बाद आरोपियों ने जल्द ही उसका वीजा लगने की बात कही। लेकिन काफी दिन बीतने पर भी उसका वीजा नहीं लगा। शक होने पर उसने आरोपियों से कॉलेज में जमा की फीस की रसीद मांगी तो आरोपियों ने उसे फर्जी रसीद व्हाट्सएप की। जब भी वह आरोपियों से वीजा के बारे में पूछता तो आरोपी उसे झूठे आश्वासन देते रहते। पांच सितंबर को वह आरोपियों के ऑफिस गया और वीजा नहीं लगने पर अपने रुपए वापस मांगे। इस दौरान आरोपी मानसी ने उसे झूठे छेड़छाड़ के केस में फंसाने व जान से मारने की धमकी दी। उसने परेशान होकर इसकी शिकायत पुलिस को दी। बिलासपुर पुलिस ने आरोपी दंपती पर धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS