Yamunanagar : जर्मनी भेजने के नाम पर युवक से हड़पे लाखों रुपए

- पुलिस ने 3 आरोपियों के खिलाफ किया धोखाधड़ी का मामला दर्ज
- आरोपियों ने 12 लाख रुपए में जर्मनी भेजने का दिया था आश्वासन
Yamunanagar : गांव मंधार निवासी बृजमोहन को जर्मनी भेजने के नाम पर तीन लोगों ने चार लाख रुपए हड़प लिए। आरोपियों ने बृहमोहन को जर्मनी भेजने के लिए 12 लाख रुपए खर्च आने की बात कही थी। आरोपियों ने चार लाख रुपए पहले तथा बाकि पैसे जर्मनी भेजने के बाद लेने के लिए कहा था। पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी अनुसार गांव मंधार निवासी बृजमोहन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोजगार के लिए विदेश जाना चाहता था। इस दौरान उसके भतीजे ने बताया कि वह अमर सिंह को जानता है। वह लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। उन्होंने अमर सिंह को फोन किया तो अमर सिंह ने उन्हें जगाधरी अपने कार्यालय में आकर मिलने के लिए कहा। वह आरोपी से मिलने के लिए जगाधरी स्थित उसके कार्यालय में चले गए। इस दौरान आरोपी ने उससे कहा कि वह संदीप कुमार के साथ मिलकर लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। अमर सिंह ने उसकी फोन पर संदीप से बात करवाई। आरोपी ने उन्हें जल्द ही जर्मनी भेजने का आश्वासन दिया। आरोपियों ने उसे जर्मनी भेजने के लिए 12 लाख रुपए का खर्च आने की बात कही। आरोपियों ने उससे चार लाख रुपए पहले तथा बाकि पैसे जर्मनी जाने के बाद देने के लिए कहा।
उसने आरोपियों पर विश्वास करके एक लाख रुपए तथा दस्तावेज दे दिए। इसके बाद उसके पिता ने आरोपियों को तीन लाख रुपए ओर दिए। आरोपियों ने उससे कहा कि उसका वीजा लग गया है। वह उसे पहले दुबई और फिर रशिया होते हुए जर्मनी भेजने का आश्वासन दिया। आरोपियों ने उसे दिल्ली बुलाया और वहां पर अरूण से मिलने के लिए कहा। वह दिल्ली पहुंचकर अरूण से मिला। अरूण ने उसे दिल्ली के एक होटल में रखा और उसकी टिकट करवाने की बात कही। इसके बाद आरोपियों ने उसकी टिकट नहीं करवाई और उसे होटल में रूकने के लिए कहने लगे। काफी दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों ने उसे विदेश नहीं भेजा। जब उसने आरोपियों से बात की तो उन्होंने विदेश भेजने से मना कर दिया। परेशान होकर जब उसने आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो उन्होंने पैसे देने से मना कर दिया। उसने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS