Yamunanagar : करोड़ों की लागत से यमुना नदी पर बने पुल को एक वर्ष से उद्घाटन का इंतजार

- उत्तर प्रदेश और हरियाणा को जोड़ने के लिए पुल को तैयार होने पर खर्च हुए 84 करोड़
- पुल के दोनों तरफ सड़क बनाने के लिए भूमि अधिग्रहण पर खर्च हुए 20 करोड़
Yamunanagar : जठलाना क्षेत्र में यमुना नदी के नगली घाट पर यूपी और प्रदेश को जोड़ने वाला 576 मीटर लंबा पुल करीब एक वर्ष से अपने उद्घाटन होने की बाट जोह रहा है। पुल के निर्माण पर 84 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। जबकि भूमि अधिग्रहण और पुल के दोनों तरफ सड़क का निर्माण करने के लिए 20 करोड़ रुपए खर्च किए गए। इतना खर्च होने के बावजूद अभी तक पुल का उद्घाटन नहीं किया गया। बताया जा रहा है कि पुल को जोड़ने के लिए उसके दोनों तरफ करीब ढाई किलोमीटर का सड़क का टूकड़ा बनाया जाना है, जिसके कारण पुल के उद्घाटन में देरी हो रही है। वहीं, संबंधित विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मार्च 2024 तक पुल का उद्घाटन होने की संभावना है।
जठलाना क्षेत्र के सैकड़ों किसानों की यमुना नदी के उस पार यूपी सीमा में हजारों एकड़ कृषि भूमि है। किसान अपनी भूमि में खेती करने के लिए यमुना नदी के बीच से होकर आते जाते हैं। जिससे उन्हें परेशानियों का सामाना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में बाढ़ आने पर किसानों को वाया यमुनानगर व यूपी के शाहजहांपुर से होकर करीब 30 से 40 किलोमीटर का लंबा सफर तय करके अपनी भूमि में जाना पड़ता है। इस समस्या को दूर करवाने के लिए जठलाना क्षेत्र के किसान लंबे समय से क्षेत्र में यमुना नदी पर पुल बनवाए जाने की मांग कर रहे थे। जिसे देखते हुए रादौर के पूर्व विधायक श्याम सिंह राणा के प्रयासों से सरकार द्वारा यमुना नदी के नगली घाट पर पुल का निर्माण कार्य शुरू करवाया गया। पुल का निर्माण कार्य पूरी होने के लिए उस समय 30 जून 2021 तक की तिथि निर्धारित की गई थी। उस समय पुल के निर्माण पर 57 करोड़ रुपए खर्च किए जाने थे। मगर बीच में कोरोना की वजह से लॉकडाउन लगने से पुल का निर्माण कार्य बंद रहा। इसके बाद पुल के निर्माण पर 84 करोड़ रुपए लागत आना निर्धारित किया गया और निर्माण कार्य पूरा होने के लिए समय अवधि बढ़ाकर अप्रैल 2022 तक की गई। निर्धारित अवधि में पुल का निर्माण कार्य तो पूरा कर लिया गया। मगर उद्घाटन नहीं किया जा सका।
2300 मीटर सड़क ना बनने के कारण पुल का उद्घाटन लटका
यमुना नदी के नगली घाट पर बने पुल के दोनों तरफ 2300 मीटर सड़क बननी है। जिसमें उत्तर प्रदेश की ओर 1100 मीटर व हरियाणा की तरफ 1200 मीटर सड़क बनाई जानी है। इस सड़क के लिए किसानों से भूमि का अधिग्रहण भी किया जा चुका है। मगर सरकार की उदासीनता के चलते पुल के दोनों ओर सड़क का निर्माण कार्य नहीं हो सका है।
पुल का उद्घाटन होने पर सफर होगा आसान
यमुना नदी के नगली घाट पर पुल का उद्घाटन होने से हरियाणा, पंजाब व यूपी समेत अन्य राज्यों में आने जाने के लिए लोगों का सफर काफी आसान हो जाएगा। लोगों को वाया यमुना नगर से होकर गुजरने की बजाए नगली घाट से होते हुए अपने गंतव्य पर पहुंचने में कम समय में सफर करना आसान हो जाएगा।
मार्च तक सड़क बनाने का दावा
पीडब्ल्यूडी विभाग के कार्यकारी अभियंता नवीन खत्री का कहना है कि यमुना नदी पर पुल बन चुका है। पुल के दोनों तरफ सड़क बननी बाकी है। मार्च 2024 तक सड़क बनाने का काम पूरा हो जाने की संभावना है।
यह भी पढ़ें - Rohtak : पिछले 2 साल से पानी के लिए तरस रही गांव रिठाल की करीब 500 एकड़ कृषि भूमि
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS