yamunanagar : महिला ने ससुराल पक्ष के लोगों पर लगाया पति की हत्या करने का आरोप

- महिला का आरोप, पति की हत्या कर बिना बताए किया संस्कार
- पुलिस ने मृतक की अस्थियों को जांच के लिए भेजा लैब
- पुलिस ने आधा दर्जन आरोपियों के खिलाफ किया केस दर्ज
yamunanagar : खंड बिलासपुर के गांव बुढ़ी निवासी एक महिला ने ससुराल पक्ष के लोगों पर जमीनी विवाद के चलते उसके पति की हत्या करने का आरोप लगाया। महिला का आरोप है कि वह अपने मायके गई हुई थी, ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके पति की हत्या (Murder) कर उसकाे बिना बताए संस्कार कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आधा दर्जन आरोपियों के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। उधर, पुलिस ने शुक्रवार को मृतक की अस्थियों के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए चंडीगढ़ लैब में भेज दिया।
गांव बुढ़ी निवासी गीता ने बताया कि उसका मायका गांव सारन में हैं। करीब दो साल पहले उसकी शादी गांव बुढ़ी निवासी संदीप कुमार के साथ हुई थी। उसके पति संदीप कुमार को उसके भाई विजय कुमार, पिता करनैल सिंह, भाई रजत कुमार, रजत की पत्नी अंजली व विजय की पत्नी संगीता तथा मां आशा के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। महिला ने बताया कि 16 मई को उसका पति संदीप कुमार उसे मायके गांव सारन में छोड़कर गया था। अगले दिन फोन के माध्यम से सूचना मिली कि उसके पति संदीप कुमार की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही जब वह अपने मायके वालों के साथ ससुराल पहुंची तो आरोपियों ने उसके आने से पहले की उसके पति का संस्कार कर दिया था। गीता ने आरोप लगाया कि जमीनी विवाद के कारण आरोपियों ने उसके पति की हत्या की है। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद सभी आरोपियों के केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
क्या कहते हैं जांच अधिकारी
बिलासपुर थाना प्रभारी जगदीश चंद्र का कहना है कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। मृतक की अस्थियों के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए चंडीगढ लैब में भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल पाएगा।
यह भी पढ़ें - Bhiwani : विधानसभा प्रत्याशी रहे जय हिंद सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS