Yamunanagar : घर पर जादू टोने का डर दिखाकर तंत्र विद्या के नाम पर महिला से 25 लाख की ठगी

- पुलिस ने 5 आरोपियों के खिलाफ किया धोखाधड़ी का केस दर्ज
- पुलिस मामले में आरोपियों की तलाश में जुटी, जगह-जगह दे रही दबिश
Yamunanagar : शहर की प्रोफेसर कॉलोनी निवासी शालू से घर पर जादू टोने का डर दिखाकर तंत्र विद्या करने के नाम पर 25 लाख रुपए ठग लिए। आरोप हमीदा निवासी तालिम, उसके रिश्तेदार दिल्ली के पहाड़गंज निवासी सलमान खान, उसकी पत्नी यासमीन, नफीसा व अहमद अंसारी पर लगा है। पैसे लेने के बाद आरोपियों ने महिला का फोन उठाना बंद कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच के बाद पांचों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार शालू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह नशा मुक्ति अभियान से जुड़ी हुई है। उसके साथ ही हमीदा निवासी तालिम भी काम करता था। वह उसे बहन मानता है। सितंबर 2022 में उसका एक्सीडेंट हो गया था। जिस पर आरोपी तालिम अपने रिश्तेदारों दिल्ली के पहाड़गंज निवासी सलमान खान, उसकी पत्नी यासमीन, नफीसा व अहमद अंसारी के साथ उसके घर पर मिलने के लिए आया था। इस दौरान आरोपी तालिम ने कहा कि सलमान तांत्रिक का कार्य करता है। यदि घर में कोई परेशानी है तो वह दूर कर सकता है। उसकी बातों में आकर शालू ने कहा कि उसका बेटा बीमार रहता है और अब उसे भी चोट लग गई है। इस पर सलमान ने घर के कोने-कोने में देखा और कहा कि किसी ने उसके घर पर जादू टोना किया है। यदि इससे जल्द मुक्ति नहीं मिली तो यह बर्बाद कर देगा। जिससे वह परेशान हो गई। आरोपियों ने उसे पूरी तरह से झांसे में ले लिया। आरोपियों ने उसे कहा कि इस बारे में किसी से बात नहीं करनी है। इसके बाद आरोपियों ने उसके घर पर तंत्र मंत्र किया और वहां ताबीज भी जलाए। आरोपियों ने उन्हें इलायची पढ़कर दी और दूध व चाय में उबालकर पीने को दिया। आरोपियों ने तांत्रिक क्रिया करने के नाम पर उससे डेढ़ लाख रुपए की मांग की। आरोपियों की बातों में आकर उसने डेढ़ लाख रुपए उन्हें दे दिए।
इसके बाद आरोपी नफीसा उसके घर पर रोजाना सुबह आती और तंत्र क्रिया कर शाम को वापस जाती। इस दौरान आरोपी नफीसा ने उसे कभी घर में खून के छींटे तो कभी लाल कपड़े में सिंदूर दिखाया। जिससे वह काफी डर गई। इस दौरान उनके घर से कीमती सामान भी गायब होने लगा। इस दौरान आरोपियों ने तंत्र विद्या करने के नाम पर उससे 25 लाख रुपए ठग लिए। इसके बाद आरोपियों ने उसके घर पर आना बंद कर दिया। जब उसने आरोपियों को फोन किया तो उन्होंने उसका फोन रिसीव नहीं किया। उसने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS