'बसंती' के लिए मोबाइल टॉवर पर चढ़ा 'वीरू', खूब किया हंगामा, जानें क्या था मामला

हरिभूमि न्यूज : रोहतक
हरियाणा के रोहतक शहर में बृहस्पतिवार की सुबह एक युवक जींद रोड स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। वह टॉवर पर चढ़कर चिल्लाने लगा तो आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इस दौरान युवक ने खूब हंगामा किया। एक बार तो लगा कि युवक आत्महत्या कर सकता है। राहगीरों से सूचना मिलने पर सिटी पुलिस माैके पर पहुंची। काफी देर तक समझाने बुझाने पर युवक को नीचे उतारा गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। जांच में सामने आया कि युवक अपनी प्रेमिका से बिछड़ने से परेशान था।
मामले के अनुसार, 22 वर्षीय रोशन कुमार निवासी बिहार मजदूरी करने के लिए रोहतक आया हुआ है। उसके परिवार के अन्य सदस्य भी रोहतक में रहते हैं। वह सुबह सुबह जींद रोड स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। इस दौरान उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग टॉवर के पास पहुंचे। लोगों ने उसे टॉवर से नीचे उतरने की गुजारिश की, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सिटी थाना प्रभारी देशराज दलबल समेत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एम्बुलेंस भी मंगवाई। पुलिस ने युवक को काफी देर तक समझाया। इसके बाद वह नीचे आने को तैयार हुआ। युवक ने पुलिस को बताया कि वह मानसिक तौर पर परेशान चल रहा है। उसकी प्रेमिका उसे छोड़कर चली गई है। इससे उसका दिल टूट गया है। इसके अलावा भी युवक इधर-उधर की बातें करता रहा। उसकी हालत देखकर ही पुुलिस ने उसे पीजीआई भर्ती कराया। हालांकि उसे कोई चोट नहीं आई है। उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।
पहले भी टॉवर पर चढ़ चुके लोग
अपनी परेशानी को लेकर लोगों द्वारा मोबाइल टॉवर पर चढ़ने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी अपनी परेशानियों के चलते लोग ऐसा करते रहे हैं। 2016 में मानसिक तौर पर परेशान युवक मोबाइल टॉवर पर जाकर बैठ गया था। उसने रात भर पुलिस को खूब छकाया था। कई घंटों के बाद वह नीचे उतरा था। इसके अलावा दो बेटों की हत्या से आहत व्यक्ति भी बीएसएनएल के टॉवर पर दो बार चढ़ चुका है। वह प्रशासन से हथियार का लाइसेंस बनवाने की मांग कर रहा था।
आधे घंटे में समझाकर नीचे उतारा
उन्हें सुबह सूचना मिली कि एक युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची और उससे बातचीत की। इस दौरान उन्होंने आधे घंटे में ही उसे समझा कर नीचे उतारा। उसे उपचार के लिए पीजीआई भर्ती कराया। युवक ने अपनी प्रेमिका से बिछड़ने की वजह से दुुखी होकर यह कदम उठाया है। - देशराज सिंह, एसएचओ सिटी थाना
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS