रूठी पत्नी को मनाने ससुराल गए युवक ने जहर निगल की आत्महत्या

रूठी पत्नी को मनाने ससुराल गए युवक ने जहर निगल की आत्महत्या
X
एक साल पहले मृतक युवक ने की थी लव मैरिज, पति-पत्नी में चल रही थी अनबन, पुलिस ने पत्नी समेत पांच ससुराल वालों पर केस दर्ज किया है।

हरिभूमि न्यूज. जींद

रूठी पत्नी को ससुराल में लेने गए युवक ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। घटना शर्मा नगर की है। मृतक युवक ने लगभग एक साल पहले लव मैरिज की थी। पत्नी मन मुटाव के चलते अपने मायका गई हुई थी। मृतक की मां ने आरोप लगाया कि पुत्रवधु तथा ससुरालीजनों की धमकियों से परेशान होकर उसके बेटे ने आत्महत्या की है। शहर थाना पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत पांच लोगाें के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है।

शर्मा नगर निवासी सचिन (22) को बीती रात जहर के प्रभाव से शहर के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान सचिन की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर शहर थाना पुलिस तथा मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। मृतक की मां सुनीता ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे सचिन ने जुलाई 2020 में मौहल्ले की ही मुकेश से लव मैरिज की थी। कुछ समय बाद दोनों में लड़ाई होने लगी। गत 11 जून को मुकेश व उसके परिजनों ने सचिन के खिलाफ महिला थाना में शिकायत भी दी थी। जिसे बाद केस वापस ले लिया गया। लगभग एक माह से मुकेश अपने मायका में ही थी। गत दिवस शाम को उसका बेटा सचिन अपनी पत्नी मुकेश को लेने ससुराल गया था। जहां मुकेश व उसके परिजनों ने उसके बेटे सचिन को प्रताड़ित किया और उससे खफा होकर सचिन ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। शहर थाना पुलिस ने मृतक की मां सुनीता की शिकायत पर उसकी पुत्रवधु मुकेश, मृतक के ससुर सियाराम, दादा ससुर मंगल, दादी सास संतरो, चाचा ससुर बिंद्र के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Tags

Next Story