संदिग्ध हालात में युवक की मौत, बंद मकान में मिला कई दिन पुराना शव, दुर्गंध उठने पर हुआ यह खुलासा

हरिभूमि न्यूज़ : सोनीपत
साइकिल का खेल दिखाने वाले युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उसका कई दिन पुराना शव बंद मकान में पड़ा मिला। दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव निकालकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सुजान सिंह पार्क के पास रहने वाले लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी थी। लोगाें ने पुलिस को बताया था कि उनके पड़ोस में स्थित सुनील के मकान से दुर्गंध आ रही है। सुनील भी कई दिन से दिखाई नहीं दे रहा है। उसका दरवाजा अंदर से बंद है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घर में चारपाई पर सुनील का शव पड़ा था। उसकी कई दिन पहले मौत हो चुकी थी। आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि वह अविवाहित था और गरीबी में जीवन यापन कर रहा था। वह साइकिल का खेल दिखाकर अपना गुजारा करता था। पुलिस ने दोपहर में शव को पोस्टमार्टम को भिजवाया।
जांच अधिकारी एएसआइ मुकेश कुमार ने बताया कि सुनील की मौत दो-तीन दिन पहले हो चुकी है। उसका शरीर गलने लगा था, जिससे दुर्गंध फैल रही थी। पोस्टमार्टम में उसकी मौत भूख-प्यास से होने की बात कही गई है। शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं है। उसका विसरा जांच को भेजा गया है। पुलिस उसके रिश्तेदारों के आने का इंतजार कर रही है। शव उनको सौंप दिया जाएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS