हिमाचल में सेब का सीजन शुरू बागवानों को हो रहा जबरदस्त मुनाफा

हिमाचल में सेब का सीजन शुरू बागवानों को हो रहा जबरदस्त मुनाफा
X
हिमाचल में सेब सीजन शुरू हो गया है। अरली वैरायटी का टाइडमैन सेब शनिवार को भट्ठाकुफर फल मंडी में बिकने के लिए पहुंचा, जिसके बागवानों को अच्छे खासे दाम मिले हैं।

हिमाचल में सेब सीजन शुरू हो गया है। अरली वैरायटी का टाइडमैन सेब शनिवार को भट्ठाकुफर फल मंडी में बिकने के लिए पहुंचा, जिसके बागवानों को अच्छे खासे दाम मिले हैं। हिमाचल प्रदेश की पहचान बन चुका रसीला सेब अब मार्केट में उतर गया है।

अरली वैरायटी का सेब मार्केट में आ गया है, जिसे चोखे दाम मिल रहे हैं। खूबसूरत लाल-लाल सेब हिमाचल की पहचान हैं, जो फल मंडियों की शोभा बढ़ाने के लिए मार्केट में मिल रहे हैं। टाइडमैन सेब प्रति बॉक्स 1900 से 2 हजार के हिसाब से बिका, जो पिछले साल की तुलना में 400 रुपये से लेकर 500 रुपये ज्यादा है। बागवान भी अच्छे दाम मिलने से खुश हैं। सेब के साथ-साथ नाशपाती के भी अच्छे दाम मिल रहे हैं। शनिवार को भट्ठाकुफर मंडी में नाशपाती का एक बॉक्स 3200 रुपये तक बिका।

बेशक दाम अच्छे मिल रहे हैं लेकिन बागवानों को इस बार मजदूरों की कमी खल रही है। दरअसल, हिमाचल में अप्पर और लोअर वैल्ट में अलग-अलग समय में सेब का उत्पादन होता है। इसलिए जैसे-जैसे एक वैली में सेब का तुड़ान हो जाएगा तो उसके बाद मजदूर दूसरी वैली की तरफ कूच करेंगे।

गौरतलब है कि हिमाचल में इस बार समय से पहले सेब का सीजन शुरू हुआ है। टाइडमैन अमूमन जुलाई के दूसरे सप्ताह में बिकने के लिए पहुंचता था। इस बार पहले ही टाइडमैन की एंट्री हुई है। सेबों का राजा रॉयल 20 जुलाई के आसपास फल मंडियों में पहुंचेगा। इस बार ढाई करोड़ सेब पेटियां होने का अनुमान है, जो पिछले साल करीब 4 करोड़ थी। ऐसे में दाम अच्छे होंगे। हिमाचल की आर्थिकी में अकेले सेब का योगदान 4 हजार करोड़ रूपये से ज्यादा है।

Tags

Next Story