Himachal Bird Flu: मृत कौओं में बर्ड फ्लू की पुष्टि, अब मुर्गों की रिपोर्ट का इंतजार

Himachal Bird Flu: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में मृत कौओं के सैंपल लिए गए हैं। सैंपल में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। वहीं पौंग डैम के अलावा भी फतेहपुर क्षेत्र में घरों की छतों पर मृत कौओं और कबूतरों का मिलना अभी जारी है। कांगड़ा के उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कौओं में बर्ड फ्लू की पुष्टि की है। कौवों में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद स्थानीय लोग परेशान हैं।
वहीं कल सीएम जयराम ठाकुर भी कांगड़ा गए थे। मुख्यमंत्री ने कहा था कि कांगड़ा जिले में स्थित झील, पौंग बांध में बर्ड फ्लू से पक्षियों की मौत होना चिंताजनक है। वहीं उन्होंने कहा कि बर्ड फ्लू से निपटने के लिए हमने प्रदेश पशुपालन विभाग को जिम्मेदारी सौंपी है। आशा करता हूं कि इस बीमारी से शीघ्र निजात मिलेगी। प्रदेशवासियों से आग्रह है कि बर्ड फ्लू से संबंधित दिशानिर्देशों का पालन करें।
आपको बता दें कि अब तक बर्ड फ्लू से मृत प्रवासी पक्षियों की संख्या बढ़कर अब 3,702 पहुंच गई है। वहीं, टेस्टिंग के लिए जालंधर भेजे गए 119 मुर्गों के सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। धर्मशाला में सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि राजस्थान और मध्यप्रदेश से आए पक्षियों की वजह से बर्ड फ्लू फैला है।
इन जिलों में भी मृत मिले कौवे
सिरमौर जिले के पांवटा साहिब की भाटावांली ग्राम पंचायत के केदारपुर वार्ड-2 तिब्बती कालोनी के पास शुक्रवार को 61 मृत कौवे मिले हैं। वहीं, मंडी नगर निगम के सन्यारड़ी में भी 12 कौए मृत पाए गए हैं। इन सभी के सैंपल जांच के लिए जालंधर भेजे गए हैं। इससे पहले, बिलासपुर जिले में मृत कौए मिल चुके हैं। ऐसे में प्रदेश भर में पक्षियों के मरने की सूचना से लोग और सरकार की चिंताएं बढ़ गई हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS