जयराम कैबिनेट का फैसला- चार जिलों से रात्रि कर्फ्यू हटाया, कोचिंग सेंटर भी खुलेंगे

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आज आयोजित की गई हिमाचल कैबिनेट की बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए। कैबिनेट ने कोरोना वायरस के मामलों में कमी आने के बाद प्रदेश के चार जिलों शिमला, कुल्लू, मंडी और कांगड़ा में लागू रात्रि कर्फ्यू को हटाने का फैसला लिया है। वहीं, प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में पहले की तरह छह दिन के कार्य दिवस को बहाल करने का निर्णय लिया। कैबिनेट ने राज्य में कोचिंग कक्षाओं को 50 प्रतिशत क्षमता के साथ अनुमति प्रदान करने का निर्णय लिया। इसके लिए राज्य शिक्षा विभाग की ओर से मानक संचालन प्रक्रिया(एसओपी) जारी की जाएगी।
आज हमने राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में गहन चर्चा की एवं महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
— Jairam Thakur (@jairamthakurbjp) January 5, 2021
हमने कोविड-19 के मद्देनजर लगाए गए रात्रि कर्फ्यू को हटाने, सरकारी कार्यालयों में पहले की तरह छह दिन के कार्य दिवस को बहाल करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
👇👇https://t.co/dgccq3ED1M pic.twitter.com/VtmZVr89h8
राज्य निर्वाचन आयोग के आग्रह पर कैबिनेट ने आंतरिक बैठकों में 50 से अधिक लोगों को अनुमति नहीं देने की शर्त में छूट देने का निर्णय लिया है। इससे आयोग को चुनाव से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभावी तरीके से चलाने में मदद मिलेगी। प्रदेश में कोविड-19 की परिस्थिति के दृष्टिगत कैबिनेट ने आईजीएमसी शिमला, सीएचसी नालागढ़ और डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में मेक शिफ्ट अस्पतालों को कार्यशील बनाने का निर्णय लिया।
इसके लिए वार्ड सिस्टर, स्टाफ नर्सों और चतुर्थ श्रेणी को कुछ समय के लिए आउटसोर्स आधार पर जबकि चिकित्सा अधिकारियों की व्यवस्था नई भर्ती या सीधे वॉक इन इंटरव्यू के माध्यम से की जाएगी। कैबिनेट ने राज्य में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, हिम केयर योजना और राजकीय चिकित्सा प्रतिपूर्ति योजना के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए निजी अस्पतालों के पंजीकरण के लिए सिंगल विंडो मनोनयन शुरू करने को भी स्वीकृति प्रदान की।
कैबिनेट के समक्ष बागवानी विभाग ने मार्च, 2021 तक छह माह के लक्ष्यों और अप्रैल, 2021 से मार्च, 2022 तक के लक्ष्यों के बारे में प्रस्तुति दी। इस अवसर पर पशु पालन विभाग ने भी बर्ड फ्लू के बारे में प्रस्तुति दी। कैबिनेट ने स्वास्थ्य और पशु पालन विभाग को बर्ड फ्लू की उचित दवाओं और कर्मचारियों के लिए पीपीई किट की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का परामर्श दिया।
कैबिनेट ने उपायुक्त जिला कांगड़ा की ओर से आवागमन के लिए लगाए गए प्रतिबंधों की सख्ती से अनुपालना करने की सलाह दी। कैबिनेट ने भारत में कोरोना वैक्सीन के उपयोग को अनुमति देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करने के लिए प्रस्ताव पारित किया। इससे भारत विश्व के अन्य देशों में अग्रणी बना है।
कैबिनेट ने आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत वैक्सीन के उत्पादन के लिए देश के वैज्ञानिकों का भी आभार व्यक्त किया। कैबिनेट ने अमेरिका की डेटा फर्म मॉर्निंग कंसल्ट की ओर से देश में कोविड-19 महामारी को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया भर में सर्वश्रेष्ठ और सबसे लोकप्रिय राजनेता आंके जाने पर बधाई दी है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS