Mausam Ki Jankari: पहाड़ों पर बर्फबारी होने से ठिठुरे लोग, आज हो सकती है बारिश

Mausam Ki Jankari: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। रविवार सुबह से मौसम के करवट बदलते ही लाहुल स्पीति व कुल्लू मनाली की ऊंची चोटियों में बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया है। जिला कांगड़ा की धौलाधार पर्वत श्रृंखला पर भी फाहे गिरने का क्रम शुरू हो गया है। मौसम विशेशज्ञाें ने आज भारी बर्फबारी और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। सैलानियों की पहली पसंद रहने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल रोहतांग, बारालाचा दर्रे सहित शिंकुला व कुंजुम जोत में बर्फ के फाहे गिरने का क्रम शुरू हो गया है।
शनिवार को भी हल्की बर्फबारी हुई थी, इस कारण दोपहर बाद मनाली लेह मार्ग पर वाहनों की आवजाही भी प्रभावित हुई थी। बर्फ के फाहे गिरने से पहले शनिवार को सेना के वाहन भी लेह से मनाली पहुंचे। लाहुल स्पीति प्रशासन ने मौसम को देखते हुए मनाली-काजा मार्ग आधिकारिक तौर पर बंद कर दिया है। हालांकि, किन्नौर होते हुए काजा घाटी शिमला से जुड़ी रहेगी। लेकिन मनाली-काजा मार्ग अब अगले साल गर्मियों में ही बहाल होगा।
पहाड़ों में हिमपात का क्रम शुरू होने से घाटी ठंड की चपेट में आ गई है। रविवार सुबह भी लाहुल व मनाली घाटी में बादल छा गए। रोहतांग दर्रे पर भी बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया है। अटल टनल रोहतांग के बन जाने के बाद लाहुल घाटी के लोगों को रोहतांग दर्रे की चिंता नहीं रही है। लाहुल की समस्त पहाड़ियों में बर्फ के फाहे गिरना शुरू हो गए हैं। जिला मुख्यालय केलंग के साथ लगती पहाड़ी लेडी ऑफ केलंग ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। शिंकुला दर्रे सहित घेपन पीक, कोकसर जोत, बारालाचा, कुंजम, छोटा व बड़ा शीघ्री ग्लेशियर, दारचा की पहाड़ियों, नीलकंठ जोत सहित समस्त ऊंची चोटियों में बर्फ के फाहे गिर रहे हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS