हिमाचल में विधायक के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद अब सभी मंत्रियों-विधायकों की टेस्टिंग को लेकर मंथन

हिमाचल प्रदेश विधानसभा में कोरोना वायरस की एंट्री हुई है। भाजपा विधायक रीता धीमान कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। उनके पॉजिटिव मिलने के बाद सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया है। दरअसल, रीता धीमान सोमवार देर रात को जारी रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव मिली हैं। इसके साथ ही विधानसभा सचिवालय अब सभी मंत्रियों-विधायकों की टेस्टिंग को लेकर मंथन कर रहा है। रीता धीमान ने मानसून सत्र के पहले दिन की कार्यवाही में भाग लिया था। इससे पहले वह भाजपा विधायक दल की मीटिंग में भी पहुंची थीं।
उधर, ऊना जिले में सोमवार को गगरेट के विधायक राजेश ठाकुर की पत्नी, बेटी, पीए और पीएसओ समेत 28 नए कोरोना संक्रमित पाए गए। रविवार को कोविड-19 जांच के लिए भेजे गए 246 सैंपल में से 228 निगेटिव और एक सैंपल रिजेक्ट हुआ है। गगरेट के विधायक राजेश ठाकुर की 48 वर्षीय पत्नी, 16 वर्षीय बेटी सहित 25 वर्षीय पीए और 33 वर्षीय पीएसओ कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। हालांकि, विधायक की रिपोर्ट निगेटिव है। हिमाचल प्रदेश के उद्योग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राम सुभग सिंह की धर्मपत्नी भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। वह निशा सिंह पशुपालन विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव हैं। राम सुभग सिंह के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद से ही होम आइसोलेशन में हैं, जबकि उनकी पत्नी भी घर पर ही हैं।
हिमाचल में सोमवार को कोरोना से 2 लोगों की मौत हुई है। चंबा की 80 साल की बुजुर्ग महिला को चंबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया था। वृद्धा का कोविड टेस्ट लिया तो वह पॉजिटिव निकला। इसके बाद सोमवार सुबह महिला को धर्मशाला कोविड केयर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में कैंसर से पीड़ित किन्नौर के पूह के 57 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना से मौत हो गई। प्रदेश में सोमवार को 262 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। कांगड़ा 49, मंडी में 48, ऊना में 28, सोलन 74, हमीरपुर 20, लाहौल 11, शिमला 7, बिलासपुर 12, चंबा 7 और सिरमौर में 6 मामले आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों का कुल आंकड़ा 7660 पहुंच गया है। 2234 सक्रिय और 5359 मरीज ठीक हो गए हैं। सोमवार को 183 और मरीज ठीक हो गए हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS