पूरे देश में महकेगी शिमला के रसीले सेबों की महक, शिमला में कारोबारी का जुटना शुरू

कोरोना काल में मुंबई, दिल्ली, अहमदाबाद और सूरत सहित देश के कई अन्य बड़े शहरों के लोग हिमाचल के ताजे रसीले सेबों का लुत्फ उठा पाएंगे। हिमाचल में सेब सीजन शुरू हो गया है और सेब खरीदने के लिए देश भर से कारोबारी जुटना शुरू हो गए हैं। बुधवार को राजधानी शिमला की भट्टाकुफर फल मंडी से सेब के 21 बड़े ट्रक (ट्राले) देश के विभिन्न शहरों के लिए रवाना हुए।
स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद लाभप्रद माने जाने वाला हिमाचली सेब जल्द ही देश के बाजारों में अपनी मिठास बिखेरेगा। आम का सीजन अपने आखिरी पड़ाव पर है और लोग बड़ी शिद्दत से मौसमी फल सेब का इंतजार कर रहे हैं। सीजन की शुरूआत में लाल सुर्ख रंग के टाइड मैन सेब की मंडियों में आमद ज्यादा है। हालांकि जल्द ही सेब का राजा कहे जाने वाला रॉयल सेब भी मंडियों में दस्तक दे देगा। राजधानी शिमला में करसोग, ठियोग, कोटखाई और कोटगढ़ इलाकों से सेब पहुंच रहा है।
आगामी अगस्त और सितंबर माह में सेब सीजन पूरी रफ्तार पकड़ लेगा। हिमाचल की आर्थिकी में अकेले सेब का 4000 करोड़ का योगदान है हालांकि इस बार बागवानों को लेबर की समस्या से बुरी तरह जूझना पड़ रहा है। नेपाली मजदूरों के न आने के कारण बागवानों को पेड़ों से सेब तोड़ने, पैकिंग और ढुलाई के लिए लेबर का इंतजाम करना चुनौती बन गया है।
शिमला की सबसे बड़ी फल मंडी भट्टाकुफर की आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष हरीश ठाकुर ने बताया कि आधिकारिक तौर पर सेब सीजन शुरू हो गया है। रोजाना 7 से 8 हजार सेब के बक्से मंडी में पहुंच रहे हैं। शिमला से मुंबई, दिल्ली, अहमदाबाद और सूरत के अलावा देश के बड़े शहरों के लिए सेब भेजा जा रहा है। शिमला फल मंडी में टाइडमैन किस्म का सेब 1800 से 2000 रुपये प्रति पेटी (28 से 30 किलो) बिक रहा है, जो बीते साल की तुलना में करीब 400 से 500 रुपये अधिक है। इसके अलावा सपर किसम का सेब 2500 से 3000 रुपये प्रति पेटी की कीमत पर बिक रहा है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS