हिमाचल सरकार सीमेंट की बढ़ती कीमत को रोकने के लिए लाएगी कानून: उद्योग मंत्री

हिमाचल में सीमेंट के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में लोग बढ़ते दामों से परेशान हैं। दूसरी तरफ, सरकार यह भी साफ कर चुकी है कि सीमेंट के दाम कम करना उनके वश में नहीं है। लेकिन अब प्रदेश के उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ने कहा कि सीमेंट का दाम बढ़ना दुर्भाग्यपूर्ण है। हमने कंपनियों को भी तलब किया था। उनका तर्क है कि तेल के रेट बढ़ गए हैं और ट्रांसपोर्ट खर्चा भी ज्यादा हो गया है।
उद्योग मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार उनके तर्कों से सहमत नहीं है, क्योंकि जब तेल के दाम गिरते हैं तो रेट क्यों नहीं घटाए जाते हैं। आपको बताते चलें कि हिमाचल में तीन सीमेंट फैक्ट्रियां हैं। मंत्री ने यह भी कहा कि वह इस मामले में बेबस हैं, क्योंकि सरकार सीमेंट की दरें तय नहीं कर सकती हैं।
लेकिन अब हिमाचल सरकार सीमेंट की कीमत निर्धारण करने को लेकर कानून लाने जा रही है। उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से भी बात की जाएगी। सीमेंट के निर्धारण के लिए प्रदेश के पास भी पैमाना हो।
मंत्री ने उद्योग विभाग के अधिकारियों को कानून तैयार करने के निर्देश दिए हैं। तब तक प्रदेश सरकार यह भी विचार कर रही है कि सरकारी निर्माण में लगने वाले सीमेंट के लिए कंपनियों से रेट कांट्रेक्ट होता है। उस रेट कांट्रेक्ट के जरिए कुछ प्रतिशत राहत आम लोगों को दी जा सकती है।.
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS