Jairam Thakur Birthday: सीएम जयराम ने जन्मदिन के मौके पर शुरू किए कई ऐप्स, मिलेगी आम लोगों को सुविधाएं

Jairam Thakur Birthday: सीएम जयराम ने जन्मदिन के मौके पर शुरू किए कई ऐप्स, मिलेगी आम लोगों को सुविधाएं
X
Jairam Thakur Birthday: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज अपने जन्मदिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री कार्यालय शिमला के फ्रंट ऑफिस आने वाले विधायकों, नागरिकों और आंगतुकों की सुविधा के लिए तीन विभिन्न ऐप्स का शुभारंभ किया।

Jairam Thakur Birthday: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज अपने जन्मदिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री कार्यालय शिमला के फ्रंट ऑफिस आने वाले विधायकों, नागरिकों और आंगतुकों की सुविधा के लिए तीन विभिन्न ऐप्स का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक ई-मित्र सेवा मोबाइल ऐप शिखर की ओर हिमाचल पर विधायकों को ऑनलाइन सेवाएं प्रदान करेगी। यह ऐप विधायकों को उनके संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में कार्यान्वित की जा रही परियोजनाओं की जानकारी और प्रभावी निगरानी की सुविधा प्रदान करेगी। इस ऐप से विधायकों को उनके कार्य की पूर्ति के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। ये सभी साफ्टवेयर राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र द्वारा विकसित किए गए हैं।

वन विभाग ने मुख्यमंत्री राज्य आरइडीडी कार्य योजना की शुरू


मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का 56वां जन्मदिवस आज पूरे उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। समाज के सभी वर्गों के लोग मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओकओवर, शिमला में एकत्रित हुए और उन्हें स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी और राज्य रेडक्रास अस्पताल कल्याण शाखा की अध्यक्षा डा. साधना ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थीं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी, केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को दूरभाष तथा सोशल मीडिया के माध्यम से जन्मदिवस की बधाई दी। प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक, विभिन्न बोर्डों तथा निगमों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, वरिष्ठ नागरिक एवं पुलिस अधिकारी तथा प्रदेश के विभिन्न भागों से आये लोग भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

सीएम ने लगाया रूद्राक्ष का पौधा

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस अवसर पर ओक ओवर में रूद्राक्ष का पौधा लगाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वन विभाग का प्रदेश के वनों की मनमोहक छवि को दर्शाता वाल केलेंडर-2021 और प्रदेश के औषधीय पौधों के बारे में जागरूकता उत्पन्न करने के विषय पर आधारित टेबल केलेंडर भी जारी किया। मुख्यमंत्री को राज्य आरईडीडी कार्य योजना प्रस्तुत की, जिसके तहत पांच वर्षों में 102 करोड़ रुपये की योजना कार्यान्वित होगी। विकासशील देशों में यूएनएफसीसीसी के वनोन्मूलन व वन क्षरण, वन कार्बन भंडारण का संरक्षण, वनों का सतत प्रबंधन और वन कार्बन भंडारण में वृद्धि के कार्यक्रम को आरइडीडी नाम से जाना जाता है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विकासशील देशों में वन संरक्षण को प्रोत्साहित कर जलवायु परिवर्तन कम करना है।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया संवाद

विद्यार्थियों को परीक्षाओं को बोझ न समझकर खुद के मूल्यांकन की प्रक्रिया समझना चाहिए। यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जी ने आज यहां अपने जन्मदिवस पर वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षाएं शैक्षणिक प्रक्रिया में उत्कृष्टता प्राप्त करने और विद्यार्थियों की प्रगति के मूल्यांकन में सहायता करने का मार्ग है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में यह दबाव तनाव, भय और घबराहट उत्पन्न करता है। परीक्षाओं के तनाव का मुख्य कारण अच्छा विद्यार्थी होने के लिए अच्छे अंक अर्जित करने की धारणा है। तनाव को खत्म करने के लिए विद्यार्थियों को समय से पहले परीक्षाओं के लिए तैयार होने की आवश्यकता है।

ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थी देश और प्रदेश का भविष्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके सपनों को साकार करने के लिए कड़ी मेहनत और समर्पण भाव से कार्य करने का आग्रह किया। उन्होंने विद्यार्थियों से माता-पिता और अध्यापकों का सदैव सम्मान करने का आग्रह किया, क्योंकि सही मायने में वे ही उनके भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई भी वैकल्पिक मार्ग नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों से महामारी के दौरान और अधिक सतर्क रहने का आग्रह किया।

Tags

Next Story