Mausam ki Jankari: प्रदेश में ताजा बर्फबारी से ठंड बढ़ी, लाहुल-स्पीति प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई

Mausam ki Jankari: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बर्फबारी से मौसम ठंड होता जा रहा है। प्रदेश के कई इलाकों में भारी बर्फबारी हो रही है। शिंकुला सहित बारालाचा व रोहतांग की ऊंची चोटियों में बर्फ के फाहे गिरने का क्रम जारी है। बर्फ के फाहे गिरने से तापमान में भी गिरावट आ गई है। मनाली और केलांग में मौसम ठंडा हो गया है। मौसम के तेवरों को देखते हुए लाहुल-स्पीति प्रशासन ने वाहनों को दारचा से आगे जाने पर रोक लगा दी है। हालांकि लेह की ओर से सेना के वाहनों का आना-जाना लगा हुआ है, लेकिन अन्य कोई भी वाहन रविवार को केलांग से लेह की ओर नहीं गया है।
सेना के वाहनों की आवाजाही को देखते हुए बीआरओ ने ट्रैफिक सुचारू रखने को जगह-जगह मशीनरी स्थापित की है। बीआरओ ने मनाली के बाहंग सहित सिस्सू और स्टिंगरी कैंप में मशीनरी की व्यवस्था की है। दूसरी ओर रविवार को रोहतांग की ऊंची चोटियों सहित धुंधी जोत, मकरबेद-शिकरबेद, हनुमान टिब्बा, इंद्र किला, चंद्रखणी, भृगु व दुशैहर की पहाडि़यों पर बर्फ के फाहे गिरने शुरू हो गए।
उधर, रोहतांग के उस पार लाहुल घाटी सहित बारालाचा, शिंकुला जोत, कुंजंम जोत, छोटा व बड़ा शिघड़ी ग्लेशियर, लेडी ऑफ केलांग व नील कंठ की पहाडि़यों सहित समस्त ऊंची चोटियों में बर्फ के फाहे गिर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक लाहुल-स्पीति मानव वर्मा ने बताया कि मौसम के हालात व सुरक्षा को देखते हुए सभी वाहनों को दारचा से आगे जाने पर रोक लगा दी है। उन्होंने कहा की मनाली लेह मार्ग पर वाहनों की आवाजाही अब मौसम पर ही निर्भर करेगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS