Mausam Ki Jankari: बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त, मनाली-लेह हाइवे पर आवाजाही हुई प्रभावित

Mausam Ki Jankari: हिमाचल प्रदेश में पिछले दो दिनों से बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। प्रदेश में पिछले दो-तीन दिनों से हो रही बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। राज्य में अधिकतम तापमान 9 डिग्री कम दर्ज किया गया है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जबकि मैदानी और कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश होने से तापमान भी कम हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान गोंदला, हंसा, कोठी में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा बारिश मनाली में रिकार्ड हुई है यहां पर 49 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है। मनाली-लेह हाइवे पर एक बार फिर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। मनाली-लेह सड़क मार्ग के बारालाचा दर्रे में शनिवार रात को भी भारी बर्फबारी हुई।
मौसम विभाग के अनुसार बारालाचा दर्रे में तीन फुट बर्फ की चादर बिछ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान तीन डिग्री जबकि अधिकतम तापमान नौ डिग्री कम रहे हैं। राज्य का सबसे कम तापमान केलांग का रहा है यहां पर माइनस 0.2 डिग्री दर्ज किया गया है, जबकि सबसे गर्म ऊना रहा है यहां का तापमान 30 डिग्री रहा है। 19 को राज्य में मौसम साफ बना रहेगा। इसके बाद 20 से 23 तक मौसम खराब रहेगा। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की आशंका जताई गई है।
यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
हिमाचल में विभिन्न क्षेत्रों में बारिश भी हुई है। मनाली में 49 मिमी, सेओबाग में 46, कोठी में 38, डलहौजी में 36, भुंतर 31, जोगिंद्रनगर 30, बजूरा में 27, धर्मशाला, मंडी, सुजानपुर, तीरा और पालमपुर में 26-26, नादौन, सोलन और पंडोल में 23-23, देहरा गोपिपुर, बलद्वाड़ा में 22-22 और शिमला, टिंडर में 21-21 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS