Himachal News: इंदु गोस्वामी बनी भाजपा की नई प्रदेश अध्यक्ष, कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट कर दी जानकारी

Himachal News: इंदु गोस्वामी बनी भाजपा की नई प्रदेश अध्यक्ष, कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट कर दी जानकारी
X
हिमाचल से राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी को प्रदेश की नई भाजपा अध्यक्ष चुना गया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट कर यह जानकारी देने के साथ ही उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दे दी हैं।

हिमाचल से राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी को प्रदेश की नई भाजपा अध्यक्ष चुना गया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट कर यह जानकारी देने के साथ ही उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दे दी हैं।खास बात यह है कि पार्टी की प्रदेश की पूरी कार्यकारिणी को अभी तक इस नियुक्ति की कोई जानकारी नहीं है।

हालांकि राष्ट्रीय महासचिव के ट्वीट के बाद नियुक्ति के लिए अब सभी महज आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। उधर, इस ट्वीट के बाद इंदु गुरुवार को एक बार फिर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से राज्य सचिवालय में मिलने वाली हैं। दोपहर बाद उनकी मुलाकात का कार्यक्रम है।

दो दिन पूर्व इंदु गोस्वामी ने राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद उनके अध्यक्ष बनने की अटकलें शुरू हो गईं थीं। इंदु ने भले ही इस मुलाकात को महज पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों से संबंधित बताया था। लेकिन उनकी मुलाकात के बाद से सोशल मीडिया पर लगातार उन्हें नियुक्ति पर बधाई दी जाने लगी।

बुधवार देर रात इन चर्चाओं को और बल तब मिला जब भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट कर इंदु को हिमाचल भाजपा का अध्यक्ष बनने पर बधाई दे दी। इस ट्वीट के बाद से प्रदेश की संगठनात्मक राजनीति गर्मा गई है। पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी लगातार इस नियुक्ति को लेकर दिल्ली से संपर्क साधने में जुटे हैं लेकिन अभी तक दिल्ली दरबार से इस नियुक्ति की आधिकारिक पुष्टि न होने की वजह से चुप्पी साधे हुए हैं।

खास बात यह है कि ऐसा तब हो रहा है जब हिमाचल से ताल्लुक रखने वाले जगत प्रकाश नड्डा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं लेकिन न तो प्रदेश इकाई इंदु की नियुक्ति को लेकर कुछ बोलने की स्थिति में है और न ही उन्हें केंद्रीय इकाई से कोई आधिकारिक जवाब मिल रहा है। चूंकि ट्वीट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के करीबी माने जाने वाले विजयवर्गीय ने किया है, ऐसे में गलती की गुंजाइश कम ही मानी जा रही है।

वहीं, पार्टी सूत्रों का कहना है कि इंदु की नियुक्ति हो चुकी है और आधिकारिक एलान का ही इंतजार किया जा रहा है। गौरतलब है कि भ्रष्टाचार के एक मामले में करीबियों का नाम आने के बाद पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने पद से इस्तीफा दे दिया था।


Tags

Next Story