दहेज की लालच में ससुराल वालों ने बहू को जलाया जिंदा, हुई मौत

दहेज की लालच में ससुराल वालों ने बहू को जलाया जिंदा, हुई मौत
X
सुसराल वालों ने दहेज (Dowry Killing) की लालच में अपनी बहू को जिंदा जला दिया। इससे महिला की मौत हो गई।

झारखंड के कोडरमा में दहेज हत्या करने का मामला सामने आया है। ससुराल वालों ने दहेज की भूख में अपनी बहू को जिंदा जला दिया। चार दिनों तक इलाज चलने के बाद रांची के रिम्स में शनिवार रात मौत हो गई। यह घटना डोमचांच थाना क्षेत्र के सरोनिया गांव की है।

बताया जा रहा है कि महिला ने अपने बयान में बताया था कि उसकी शादी 19 अप्रैल 2019 को रोहित पासवान के साथ हुई थी। ससुराल वालों ने दहेज में 2 लाख 50,000 रुपये की मांग की थी। किसी तरह से गरीब पिता ने 2 लाख रुपये ससुराल वालों को दे दिए थे।

बाकी बचे 50,000 रुपये को लेकर अक्सर उनके पति समेत ससुराल के लोग मारपीट किया करते थे। इस बीच 2 जून को पति रोहित पासवान ने उसके शरीर पर किरोसिन तेल डाल दी। इसके बाद पति के बड़े भाई, देवर, सास-ससुर ने मिलकर आग लगा दी।

इससे वह बुरी तरह झुलस गई। किसी तरह लोगों की मदद से उसे सदर अस्पताल कोडरमा लाया गया। जहां हालत गंभीर होने के चलते उसे रिम्स रेफर कर दिया गया। इसके बाद मृतका के पिता चौधरी पासवान ने अपनी बेटी को 3 जून को रिम्स में भर्ती कराया।

मृतका के पिता ने बताया कि इलाज के दौरान उसका दामाद भी वहां मौजूद था। जब वे रविवार को अपनी बेटी का शव लेकर आ रहे थे, तो रास्ते में उसके दामाद के दोस्त बोलेरो से आए और उसे अपने साथ ले गए। इस दौरान दामाद के दोस्तों ने भी उसके साथ मारपीट की।

स्थानीय लोगों ने प्रियंका देवी की हत्या में शामिल पति रोहित पासवान, ससुर अर्जुन पासवान, सास सरस्वती देवी, पति के बड़े भाई प्रदीप पासवान, देवर अनुज पासवान सभी लोगों की गिरफ्तारी कर कड़ी कारवाई करने की मांग की है।

Tags

Next Story