झारखंड: जेपी नड्डा ने की केंद्रीय पदाधिकारियों की घोषणा, रघुवर दास और सांसद अन्नपूर्णा देवी को बनाया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को केंद्रीय पदाधिकारियों की सूची जारी की है। जिसमें पूर्व सीएम रघुवर दास और सांसद अन्नपूर्णा देवी के नामों का भी जिक्र किया गया है। दोनों को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का पद सौंपा गया है।
वहीं, छत्तीसगढ़ में विधायक डॉ रमन सिंह, राजस्थान में विधायक वसुंधरा राजे, बिहार में सांसद राधा मोहन सिंह, ओड़िशा में बैजयंत जय पांडा, पश्चिम बंगाल में मुकुल राय, उत्तर प्रदेश में सांसद रेखा वर्मा, गुजरात में डॉ भारती बेन शियाल राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया।
जबकि तेलंगाना में डी के अरूणा, नागालैंड में एम चौबा एओ और केरल में अब्दुल्ला कुट्टी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का पद मिला है। बता दें कि जे पी नड्डा ने लगभग 8 महीने बाद अपनी टीम में बदलाव किया है। इसमें बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के नेताओं को एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
झारखंड से राज्यसभा सांसद समीर उरांव को एसटी मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। जबकि बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या को पार्टी के युवा मोर्चा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
जेपी आंदोलन से लेकर राजनीतिक शुरुआत
रघुवर दास मूल रूप से छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के बोईरडीह गांव के रहनेवाले हैं। बीएससी और एलएलबी करने के बाद रघुवर दास टाटा स्टील कंपनी में ही काम करने लगे। 1970-71 में जेपी आंदोलन में हिस्सा लिए। इसके बाद राजनीतिक करियर की शुरुआत की।
बीजेपी की ओर से साल 2013 में विधानसभा चुनाव लड़े थे और जीते भी थे। झारखंड सीएम के पद पर पूरे पांच साल तैनात रहे। ऐसा करने वाले वह राज्य के पहले सीएम हैं। हालांकि 2019 के विधानसभा चुनाव हार गए थे। वह 30 दिसंबर 2009 से 29 मई 2010 तक डिप्टी सीएम रहे।
कोडरमा से सांसद अन्नपूर्णा देवी की राजनीतिक करियर
अन्नपूर्णा देवी झारखंड के कोडरमा से सांसद है। पति स्वर्गीय रमेश प्रसाद यादव की मौत के बाद उन्होंने साल 1998 में अपनी राजनीतिक करियर की शुरुआत की। हालांकि उनके पति साल 1998 में बिहार की राबड़ी देवी की सरकार में मंत्री रह चुके थे।
1998 के विधानसभा उपचुनाव, झारखंड में साल 2000, 2005 और 2009 के विधानसभा चुनाव में अन्नपूर्णा ने जीत दर्ज की। इसके बाद हेमंत सोरेन की सरकार में अन्नपूर्णा देवी को मंत्री बनाया गया था। हालांकि 2014 में कोडरमा विधानसभा सीट से हार गई थी।
2019 में अन्नपूर्णा देवी बीजेपी से हाथ मिलाकर कोडरमा विधानसभा सीट पर जीत दर्ज कर सांसद बनी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS