यूथ कांग्रेस में 23 पदाधिकारियों की हुई छुट्टी, जल्द बदले जाएंगे कई जिलों के अध्यक्ष

यूथ कांग्रेस में 23 पदाधिकारियों की हुई छुट्टी, जल्द बदले जाएंगे कई जिलों के अध्यक्ष
X
विधानसभा चुनाव से पहले मध्यप्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़े फेरबदल होने की खबर है। कांग्रेस कुछ जिलों के अध्यक्ष बदलने की तैयारी में है

भोपाल। विधानसभा चुनाव से पहले मध्यप्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़े फेरबदल होने की खबर है। कांग्रेस कुछ जिलों के अध्यक्ष बदलने की तैयारी में है,तो यूथ कांग्रेस ने मंगलवार को कई निष्क्रिय पदाधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाते हुए संकेत दिया कि जो मैदान और संगठन का काम करते दिखेगा,वहीं पदों पर रहेगा। यूथ कांग्रेस के इस एक्शन ने यूथ कांग्रेस में जहां हलचल मचा दी है,तो वहीं जिला संगठन की जिम्मेदारी पाने कांग्रेसी सक्रिय हो गए है।

चुनावी साल शुरू होते ही कांग्रेस संगठन की सर्जरी में जुटी हुई है। पीसीसी चीफ कमलनाथ के निर्देश के बाद पदों पर सालों से काबिज पदाधिकारियों की छुट़्टी कर सक्रिय कार्यकर्ताओं को काम दिए जा रहे हैं। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने सालों से पदों पर काबिज 23 पदाधिकारियों की छुट्‌टी कर दी है।हटाए गए पदाधिकारियों में प्रदेश के 03 सचिव, जिला अध्यक्ष एवं 19 विधानसभाओं के युवा कांग्रेस अध्यक्षों को पदमुक्त कर बाहर का रास्ता दिखा दिया है। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने प्रदेश के युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों को चेतावनी दी है। भूरिया ने कहा कि जो संगठन के अनुरूप मापदण्डों पर खरे नहीं उतरेंगे उन पर भी भविष्य में ऐसी ही कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में इसी वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सम्पूर्ण प्रदेश में युवा कांग्रेस का प्रत्येक विधानसभा में यूथ जोड़ो खूब जोड़ो अभियान गतिशील है, जिसके तहत मध्यप्रदेश की विधानसभाओं में प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं का गठन प्रमुखता से किया जा रहा है।

इन्हें किया गया पदमुक्त

मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया ने जिन पदाधिकारियों को जिम्मेदारियों से मुक्त किया है,उनमें प्रदेश सचिव हिफ्लुर्रहमान खान, अजय राय व चन्द्रकांत शर्मा है। बैतूल जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष गौरव खातरकर को भी हटाया गया है। विधानसभा अध्यक्षों में प्रवीण कुमार जैन अटेर, संदीप तिवारी चैहर, जितेन्द्र महुले-परसवाड़ा, दीपक प्रजापति- चण्ड़ा, अनिकेश संघिया रहली, अफजल खान- दमोह, अंकुर जैन-जबेरा, राहुल पटेल-हटा, महेन्द्र नायक महाराजपुर, दिनेश चौरसिया - बिजावर, अरविन्द रावत- मलेहरा, जुगलकिशोर वर्मा जतारा, राजपालसिंह पवई, नसीम कुरैशी केवलारी, राकेश डामोर पेटलावद, अजयकुमार चंदेल सिंगरौली, सुनील कुमार जायसवाल- चितरंगी, आदर्श चतुर्वेदी- सिहावल, नारायण सिंह चौहान सीधी को भी हटाया गया है।

कहने के बाद भी निष्क्रिय रहे पदाधिकारी

बताया गया है कि प्रदेश संगठन द्वारा इन पदाधिकारियों को कई बार संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रियता दिखाने को कहा गया,किन्तु उनके द्वारा अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं किया गया। जिसकी वजह से प्रदेशाध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने ऐसे पदाधिकारियों को पदमुक्त कर दिया । भूरिया ने बताया कि जिन लोगों को दायित्व मुक्त किया गया है उनके स्थान पर जल्दी ऐसे ऊर्जावान, स्थानीय जनाधार वाले युवाओं को अवसर दिया जाएगा जो आगामी विधानसभा से पहले युवा कांग्रेस को बूथ स्तर तक और भी ज्यादा मजबूत कर सकें।

बड़ी बैठक 20 को

मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया ने बताया कि 20 जनवरी को मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक प्रदेश मुख्यालय भोपाल में आहुत की गई है, जिसमें युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अल्लावरु भी शामिल होंगे और यूथ जोड़ो बूथ जोड़ो एवं संगठन के कामकाज की समीक्षा करेंगे।

कई जिलों के बदलेंगे अध्यक्ष

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में है। जानकारों की माने तो नाथ ने वहां प्रदेश के कुछ जिलों के संगठन अध्यक्ष बदलने के लिए प्रदेश प्रभारी सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ चर्चा की । ऐसा कहा जा रहा है कि 18 जनवरी को कमलनाथ भोपाल लौट रहे है। एक दो दिन कमलनाथ संगठन के स्तर पर बड़े बदलाव कर सकते है। जिसमें कई जिलाध्यक्षों से लेकर प्रदेश कार्यकारिणी में बदलाव हो सकता है। उसके बाद महिला कांग्रेस में भी बड़े बदलाव के संकेत हैं ।

Tags

Next Story