7 दिन में 4 पवित्र तिथियां ... विष्णु, शिव, नृसिंह देव,गणेश और बुद्ध की होगी आराधना

7 दिन में 4 पवित्र तिथियां ... विष्णु, शिव, नृसिंह देव,गणेश और बुद्ध की होगी आराधना
X

भोपाल। मई माह के इस सप्ताह के सात दिनों यानी मंगलवार से सोमवार तक चार पवित्र तिथियां रहेगी। इनमें 3 को प्रदोष, 4 को नृसिंह जयंती, 5 को स्नान-दान और बुद्ध पूर्णिमा रहेगी। तो वहीं 8 मई को चतुर्थी व्रत है। इनमें भगवान विष्णु, शिव, नृसिंह देव,गणेश भगवान और तथागत बुद्ध की पूजा-आराधना की जाएगी। मंगलवार से सोमवार तक तक के ये सात दिन श्रद्धालुओं के लिए विशेष पूजा के रहेंगे। ज्योतिषाचार्य पं. रामजीवन दुबे ने बताया कि इन सात दिनों में पूजा के अलावा दान-पुण्य करने से विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होगी।

बुध प्रदोष

3 मई यानी बुधवार को वैशाख माह का दूसरा प्रदोष है। इस दिन भोलेनाथ का व्रत रख आराधना करने पर विशेष फल मिलता है। मान्यता है कि इस व्रत को करने और शिव का जलाभिषेक करने पर दाम्पत्य जीवन सुखमय होता है, वहीं विभिन्न रोग भी दूर होते हैं। इस दिन मंदिरों में विशेष पूजा होगी।

नृसिंह जन्मोत्सव 4 को

वैशाख शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी यानी 4 मई गुरुवार को सर्वार्थ सिद्धि योग में नृसिंह देव का जन्मोत्सव मनेगा। नृसिंह देव भगवान विष्णु के अवतार हैं। इस दिन इनकी पूजा से सभी संकटों से मुक्ति मिलती है।

व्रत की पूर्णिमा 5 को

वैशाख शुक्ल की पूर्णिमा शुक्रवार 5 मई को बुद्ध पूर्णिमा है। इस दिन व्रत रखकर भगवान विष्णु की पूजा और सत्यनारायण की कथा का विधान है। भोग में आटे की पंजीरी, फल व पंचामृत रखना उत्तम होता है। इस दिन विवाह करना भी अत्यंत शुभ मानते हैं। इस दिन तथागत बुद्ध का भी जन्मोत्सव मनाया जाता है। इसे बुद्ध पूर्णिमा भी कहते हैं। इस दिन रात में चंद्रदेव को अर्घ्य देकर उनकी पूजा करने का भी विधान है। दान और पूजा करने से रोगों से मुक्ति मिलती है।

8 मई को गणेश चतुर्थी व्रत

8 मई सोमवार को गणेश चतुर्थी व्रत रहेगा। इस दिन भगवान गणेश की विशेष पूजन-पाठ किया जाएगा।

Tags

Next Story