आप की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने साधा भाजपा पर निशाना बोली , भाजपा का विकास पर्व केवल दिखावा है

मध्य प्रदेश में चुनाव से पहले प्रदेश सरकार के विकास पर्व को लेकर आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा हर चीज को केवल इवेंट बनाना जानती है। भाजपा सरकार की योजना का भले ही किसी को लाभ न मिला हो लेकिन भाजपा सरकार ऐसे दिखाती है जैसे उसकी योजना से प्रदेश के करोड़ों लोगों की किस्मत बदल गई हो। उन्होंने कहा कि भाजपा और भाजपा सरकार झूठ बोलने में माहिर है।
भाजपा का विकास पर्व केवल दिखावा है
आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष और सिंगरौली महापौर रानी अग्रवाल ने कहा कि भाजपा का विकास पर्व केवल दिखावा है। विकास पर्व के जरिए आखिर सरकार क्या करना चाहती है। चुनाव के वक्त ही सरकार को योजनाओं के लोकार्पण, शिलान्यास की याद क्यों आई। प्रदेश में 20 सालों से भाजपा की सरकार है, इन सालों में प्रदेश की तस्वीर और जनता की तकदीर क्यों नहीं बदल पाई।
20 सालों के भाजपा राज में प्रदेश का विकास नहीं हुआ
रानी अग्रवाल ने कहा कि 20 सालों के भाजपा राज में प्रदेश का विकास नहीं हुआ, जनता का विकास नहीं हुआ, विकास हुआ तो सिर्फ भाजपा नेताओं का। उन्होंने कहा कि कभी साइकिल पर चलने वाले भाजपा नेता अब सफेद कुर्ता पहनकर बड़ी-बड़ी गाड़ियों में घूम रहे हैं। प्रदेश के हर जिले में भाजपा नेता हर तरह के अवैध कामों में संलिप्त हैं। सत्ता के नशे में ये नेता इतने मदमस्त हैं कि ये आदिवासियों के ऊपर पेशाब करने से भी नहीं हिचकिचाते हैं।
प्रदेश के सरकारी स्कूलों की हालत खराब है
आप की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों की हालत खराब है। स्कूलों की बिल्डिंग जर्जर हैं, न तो टीचर हैं और न ही जरूरी सुविधाएं। ग्रामीण इलाकों में बच्चे लगातार स्कूल छोड़ रहे हैं। गरीबों के बच्चों को शिक्षा नहीं मिल रही है। आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को अच्छा पोषण आहार नहीं मिल पा रहा है। कुपोषण मध्य प्रदेश में बढ़ रहा है। अस्पतालों में न तो डॉक्टर हैं और न ही दवाइयां। मरीज इलाज न मिलने के कारण लगातार दम तोड़ रहे हैं।
जनता भाजपा सरकार की हकीकत जान चुकी है
रानी अग्रवाल ने कहा कि भाजपा और भाजपा सरकार अबकी बार कितना भी जोर क्यों न लगा ले। दिल्ली से अपने बड़े नेताओं को कितना भी क्यों न बुलाए लेकिन अबकी बार जनता इनके बरगलाने में नहीं आने वाली। जनता भाजपा सरकार की हकीकत जान चुकी है और अब भाजपा को मध्य प्रदेश की जनता सबक सिखाने वाली है और प्रदेश की सत्ता से उखाड़ फेंकेगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS