दीनदयाल जयंती पर मप्र में मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना' की घोषणा

दीनदयाल जयंती पर मप्र में मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना की घोषणा
X
उपाध्याय की जयंती पर लालघाटी चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सीएम चौहान ने 'मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना' की घोषणा की।

भोपाल। भाजपा द्वारा शनिवार को प्रदेश भर के 65 हजार बूथों पर श्रद्धा के साथ एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई गई। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान भोपाल के राजा भोज मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए, जबकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पन्ना और छतरपुर जिलों के बूथों पर सहभागिता की। उपाध्याय की जयंती पर लालघाटी चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सीएम चौहान ने 'मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना' की घोषणा भी की। सीएम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को खड़ा करने और उसे विचारधारा देने में सबसे बड़ा योगदान पं. उपाध्याय का ही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनसंघ की स्थापना और विस्तार में डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के साथ प्रारंभ से ही पं. दीनदयाल उपाध्याय जुट गए थे। कांग्रेस की विचारधारा देशहित में नहीं थी, इसलिए देश में कांग्रेस के एक विकल्प की जरूरत थी। पं. दीनदयाल का कहना था कि हम अपने मूल्यों के आधार पर अपना देश बनाएंगे और इसीलिए उन्होंने एकात्म मानव दर्शन की अवधारणा दी।

भाजपा की सोच- जो सबसे नीचे है, दरिद्र है, वही नारायण

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि एक सरकार के मुखिया के रूप में हम जब भी योजनाएं बनाएंगे तो सबके कल्याण के लिए बनाएंगे। हमें सभी के लिए काम करना है, लेकिन जो सबसे नीचे है, दरिद्र है वही अपना नारायण है। इसीलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सभी के कल्याण के लिए काम कर रही है, लेकिन गरीबों पर ध्यान सबसे ज्यादा है। गरीब कल्याण के लिए केंद्र सरकार ने निःशुल्क अन्न देना, निःशुल्क टीका लगवाना, गरीबों को मकान, शिक्षा, मुफ्त इलाज जैसी योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार भी इसी रास्ते पर चल रही है। प्रदेश में मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना, संबल योजना, निःशुल्क शिक्षा, जन्म के पहले और बाद में गरीब बहनों के खाते में पैसे डालना, कन्यादान, लाड़ली लक्ष्मी जैसी अनेकों योजनाएं चलाई जा रही हैं।

Tags

Next Story