मुख्यमंत्री शिवराज का एलान- अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च से शुरू होगी लाड़ली बहना योजना

भोपाल। मप्र में लाडली बहना योजना अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च से शुरू होने जा रही है। इसी दिन से आवेदन लेना शुरू होगा। इस योजना में गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवार की महिलाओं को प्रति महीने एक-एक हजार रुपए की राशि उनके बैंक खाते में सीधे अंतरित की जाएगी। हितग्राहियों को चिन्हित करने के लिए गांव-गांव और वार्डों में जाकर आवेदन भरवाए जाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे योजना में मिलने वाली राशि का उपयोग परिवार को मजबूत बनाने में करें।
मुख्यमंत्री चौहान ने यह एलान शुक्रवार को विदिशा में आयोजित मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान में किया। इस दौरान उन्होंने भोपाल, सागर और उज्जैन संभाग के 24 लाख 94 हजार से अधिक हितग्राहियों को स्वीकृति-पत्र का वितरण भी किया। चौहान ने प्रदेश के 73 लाख किसानों के खातों में मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना की एक-एक हजार रुपए की राशि 465 करोड़ रुपए सिंगल क्लिक से अंतरित की। इसके साथ उन्होंने 80 करोड़ 95 लाख 21 हजार रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किए।
योजना से बहनों की जिंदगी संवरेगी
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि अपनी बहनों की जिन्दगी को आसान बनाना चाहता हूं। पूर्व से संचालित योजनाओं के साथ अब लाड़ली बहना योजना मेरी बहनों की जिन्दगी को संवारेगी। योजना में मिलने वाली राशि से महिलाएं अपने बच्चों के लिए दूध, फल और सब्जी की व्यवस्था कर सकेगी। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने हमारी बहुत सी जन-कल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया था, वे सभी योजनाएं पुनः शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो कहीं नहीं हुआ वह मप्र में हुआ है और जो किसी ने नहीं किया वह आपका भाई शिवराज करेगा।
विकास यात्रा में छूटे हुए लोगों को जोड़ने का काम
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मुझे खुशी है कि मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान से प्रदेश में 83 लाख ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया गया, जो शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की पात्रता रखते हैं। इन सभी लोगों को 38 विभिन्न योजनाओं में लाभान्वित करने स्वीकृति-पत्र वितरण का कार्य प्रदेश में चल रहा है। शुक्रवार को भोपाल, सागर और उज्जैन संभाग के 24 लाख 94 हजार से अधिक हितग्राहियों को स्वीकृति-पत्र का वितरण हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि 5 फरवरी से प्रदेश में शुरू हो रही विकास यात्रा में छूटे हुए लोगों को योजनाओं से जोड़ने का काम किया जाएगा। हमारा संकल्प है कि कोई भी पात्र परिवार योजनाओं का लाभ लेने से वंचित न रहे।
पूर्ववर्ती सरकार ने किसानों के साथ छल किया
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हमारी किसान हितैषी सरकार हैं। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने किसानों के साथ जो छल किया, उसे सुधार करते हुए हमने सरकार में आते ही फसल बीमा की राशि भरी और किसानों को फसल बीमा की राशि दिलाई। पिछले सवा 2 साल में हमारी सरकार ने फसल बीमा, राहत राशि उद्यानिकी, सोलर पंप और बिजली सब्सिडी जैसी अनेक योजनाओं में 2 लाख 25 हजार 837 करोड़ रुपए किसानों के खाते में डाले। यह सहयोग निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि किसान परिवार के घर में अभी तक 6 हजार रुपए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और 4 हजार रुपए मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना के प्राप्त हो रहे थे। अब इन किसान परिवारों को 12-12 हजार रुपए लाड़ली बहना योजना के भी मिलेंगे। इस प्रकार एक साल में किसान परिवार को 22 हजार रुपए वार्षिक मिलना शुरू होंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS