Bhopal Metro News : स्टील ब्रिज बनने तक तैयार हो जाएंगे सुभाष नगर से एम्स तक मेट्रो के पूरे आठ स्टेशन

भोपाल। मेट्रो रेल परियोजना के पहले चरण में सभी स्टेशन पर्यावरण को देखते हुए तैयार हो रहे हैं। प्रायरिटी कारिडोर में एम्स, अलकापुरी, डीआरएम ऑफिस, रानी कमलापति स्टेशन, एमपी नगर, बोर्ड ऑफिस, केन्द्रीय विद्यालय और सुभाष नगर में आठ स्टेशन बन रहे हैं, जिसमें से पांच बनकर तैयार हैं। इनका इंटीरियर वर्क अंतिम चरण में है। यह स्टेशन ग्रीन मेट्रो प्रणाली या ईको फ्रेंडली आधारित स्टेशन हैं। हबीबगंज रेलवे क्रासिंग पर स्टील ब्रिज बनाया जा रहा है। इसके पिलर बनकर तैयार हो गए हैं। यह ब्रिज अलवर राजस्थान से बनकर आ रहा है। इस ब्रिज के तैयार होने से पहले सुभाष नगर से एम्स तक सभी मेट्रो स्टेशन बनकर तैयार हो जाएंगे।
दो हजार किमी ट्रायल रन के बाद मिलेगा सेफ्टी सर्टिफिकेट
सेफ्टी जांच के लिए सुभाष नगर स्टेशन से रानी कमलापति मेट्रो स्टेशन तक तीन अक्टूबर से लगातार ट्रॉयल रन चल रहा है। दो हजार किलोमीटर ट्रायल रन करने के बाद सेफ्टी सर्टिफिकेट मिलेगा। सुभाष नगर से रानी कमलापति स्टेशन तक सभी पांच स्टेशन बनकर पूरे तैयार हो जाएंगे, तब तक यह दो हजार किलोमीटर का ट्रायल रन पूरा हो जाएगा।
पानी बचाने नलों में लगाए जा रहे सेंसर
मेट्रो रेल के स्टेशनों में बनने वाले वाश रुम में पानी बर्बाद ना होने के लिए नलों में सेंसर लगाए जा रहे हैं। यहां स्वचालित तंत्र के जरिए नल का पानी नियंत्रित होगा। मेट्रो स्टेशनों में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट भी लगाया जाएगा। सीवेज के पानी को शोधित करके उसे दोबारा प्रयोग किया जा सकेगा। इस पानी का उपयोग धुलाई व पेड़ों की सिंचाई के लिए किया जाएगा। पानी की खपत पर निगरानी रखने के लिए वाटर मीटर लगाए जाएंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS