Bhopal Metro Trial Run : इंदौर के बाद भोपाल मेट्रो ट्रायल रन की तैयारी पूरी, थोड़ी देर में सीएम दिखाएंगे हरी झंडी

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 3 अक्टूबर को सुबह 11 बजे भोपाल मेट्रो रेल ट्रायल रन का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे। ट्रायल रन का शुभारंभ कार्यक्रम सुभाष नगर डिपो में होगा। ट्रायल रन सुभाष नगर स्टेशन से रानी कमलापति स्टेशन तक होगा। सुभाष नगर से रानी कमलापति स्टेशन तक लगभग 5 किमी की दूरी है। भोपाल मेट्रो रेल परियोजना की स्वीकृत लागत 6941 करोड़ रुपए है। भोपाल में पहले चरण में लगभग 30.95 किमी मेट्रो रेल का काम चल रहा है।
मेट्रो की तरफ लोगों की नजर भी गई
इसमें 16.77 किमी ऑरेंज लाइन- एम्स से करोंद चौराहा तथा 14.18 किमी ब्ल्यू लाइन- भदभदा चौराहा से रत्नागिरी तिराहे को जोड़ेगी। भोपाल मेट्रो फाइनल ट्रायल रन के लिए सुभाष नगर और रानी कमलापति स्टेशन को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मेट्रो ट्रेन की फाइनल टेस्टिंग सोमवार को की गई। टेस्टिंग के दौरान मेट्रो सुभाष नगर स्टेशन से रानी कमलापति स्टेशन तक चली और पहली बार केंद्रीय विद्यालय व एमपी नगर इलाकों में मेट्रो ने हॉर्न भी बजाया जिससे लोगों ने बायडक्ट पर चलती हुई मेट्रो की तरफ लोगों की नजर भी गई।
सांवली वड़ोदरा से 17 सितंबर को भोपाल पहुंचे थे कोच
गुजरात के सांवली वड़ोदरा से करीब 850 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद 17 सितंबर की रात में कोच भोपाल आ गए थे। 18 सितंबर को उन्हें डिपो में बने इंस्पेक्शन बे लाइन पर लाया गया था। इसके बाद 26 सितंबर को मेट्रो ट्रैक पर चलाकर देखी गई थी। 6 दिन तक मेट्रो को कई बार ट्रैक पर लाया गया।
मेट्रो कोच और स्टेशन को फूलों से सजाया गया
मेट्रो पांच स्टेशनों केंद्रीय विद्यालय, बोर्ड ऑफिस, एमपी नगर से गुजरेगी। लेकिन फोकस वाले स्टेशन सुभाषनगर और आरकेएमपी ही हैं। मुख्यमंत्री चौहान सुभाषनगर स्टेशन से मेट्रो में सवार होंगे और आरकेएमपी स्टेशन पर उतरेंगे। इसलिए, इन दोनों स्टेशनों को चमकाया गया है। सुभाषनगर स्टेशन पर एस्केलेटर, सीढ़ियां और फुटओवर ब्रिज का काम पूरा कर लिया गया। सोमवार को यहां रेड कारपेट बिछाया गया। मेट्रो कोच और स्टेशन को फूलों से सजाया गया है। डिपो में बड़ा सा डोम बनाया गया है। जहां होने वाले कार्यक्रम को मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री आज मीडिया सेंटर का करेंगे भूमिपूजन
मुख्यमंत्री चौहान मंगलवार 3 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे स्टेट मीडिया सेंटर का भूमिपूजन करेंगे। स्टेट मीडिया सेंटर के भूमिपूजन मौके पर प्रदेश के तकरीबन सभी जिलों से पत्रकारों को आमंत्रित किया गया है। इस मौके पर जनसंपर्क मंत्री राजेंद्र शुक्ल उपस्थित रहेंगे।
सीएम 5 किमी का मेट्रो में करेंगे सफर
मेट्रो कंपनी अधिकारियों के अनुसार मंगलवार से ट्रेन का ट्रायल रन शुरू हो रहा है। लोगों को कार्यक्रम में पहुंचने में आसानी हो, इसके लिए एमपी नगर से सुभाष नगर डिपो तक रास्ता खोल दिया गया और सड़क भी बना दी गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हरी झंडी दिखाने के बाद सुभाष नगर से रानी कमलापति स्टेशन तक मेट्रो में सफर भी करेंगे। सुभाष नगर से रानी कमलापति स्टेशन तक लगभग 5 किलोमीटर की दूरी वाले ट्रैक का काम व सिविल वर्क पहले ही पूरे हो चुके हैं। एमपी नगर से सुभाषनगर डिपो के बीच की सड़क पर डामरीकरण कर दिया गया है। केंद्रीय विद्यालय स्टेशन के नीचे का रास्ता भी खोल दिया गया है। इससे अब लोगों को घूमकर नहीं जाना पड़ रहा है। वे एमपी नगर से सीधे सुभाषनगर ओवरब्रिज और अंडरब्रिज तक आ जा सकते हैं। जिंसी के बीच भी सड़क बनाने का काम जल्दी शुरू होगा। यह रास्ता करीब एक साल से बंद था।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS