Bhopal News : बांस-मिट्टी, घास हुए महंगे, 20% बढ़ गए प्रतिमाओं-रावण के दाम

Bhopal News : बांस-मिट्टी, घास हुए महंगे, 20%  बढ़ गए प्रतिमाओं-रावण के दाम
X
आने वाले दिनों में नवरात्र और दशहरा उत्सव की धूम रहेगी। शहर में इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। नवरात्र के लिए शहर में जगह-जगह मूर्तिकार जहां प्रतिमाओं को आकार देने में जुटे हैं।

भोपाल। आने वाले दिनों में नवरात्र और दशहरा उत्सव की धूम रहेगी। शहर में इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। नवरात्र के लिए शहर में जगह-जगह मूर्तिकार जहां प्रतिमाओं को आकार देने में जुटे हैं। वहीं कई कारीगर रावण के पुतले तैयार कर रहे हैं। इस बार घास, बांस, कलर पेंट सहित अन्य सामग्री के दाम काफी बढ़ गए हैं। इसके कारण प्रतिमाओं के दामों में 20 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। इसी प्रकार रावण की लागत भी महंगी हो गई है, ऐसे में रावण के पुतलों के दाम भी बढ़ गए हैं। महंगाई से बचने के लिए पुतलों की ऊंचाई कम कर दी है। पहले जहां शहर में अनेक स्थानों पर 55 से 60 फीट तक के पुतले बनाए जाते थे। वहीं अब अधिकतम 50 फीट तक के पुतले कारीगर आॅर्डर पर तैयार कर रहे हैं।

कोलकाता के कलाकार डेढ़ माह से जुटे

शहर में दुर्गा पूजा पर बंगाली शैली की सबसे महत्वपूर्ण होती है। इसे बनाने के लिए कोलकाता से मूर्तिकारों का दल राजधानी में बीते डेढ़ माह से जुटा है। इस प्रतिमा के लिए कोलकाता से विशेष रूप से गंगा जी की माटी मंगाई गई है। साथ में जूट भी लाया गया है। मूर्तिकारों का कहना है कि पर परागत बंगाली शैली की देवी प्रतिमा बनाने में आने वाला खर्च बीते दस वर्षों में 30 फीसदी बढ़ गया है।

न्यूमार्केट में बनेगा आयोध्या का राम मंदिर

राजधानी की प्रमुख झांकियों में से एक न्यू मार्केट की दुर्गा झांकी में इस बार भक्तगण आयोध्या के राम मंदिर के दर्शन कर सकेगे। दरअसल यहां पर राम मंदिर की 80 फीट ऊंची झांकी बनेगी। मंदिर निर्माण का बजट 45 लाख रुपए है। समिति के संयोजक अजय अग्रवाल ने बताया कि अयोध्या में बनने वाले राम मंदिर की हु-व-हू प्रतिकृति बनाई जा रही है। यहां रामलला व उनके भाइयों के एक साथ दर्शन होंगे। वहीं भगवान राम की 10 साल की उम्र की प्रतिमा भी आकर्षण का केंद्र होगी। मां दुर्गा सीता के रूप में विराजमान होगी। मुख्य मंडप में अष्टकमल के साथ बारीक नक्काशी की जाएगी।

बिट्टन मार्केट में कोल्हापुर की महालक्ष्मी मंदिर की झांकी

बिट्टन मार्केट के दशहरा मैदान में इस बार कोल्हापुर की महालक्ष्मी मंदिर की झांकी निर्माण किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष हरिओम खटिक ने बताया कि झांकी निर्माण का बजट लगभग 60 लाख का है। लगभग 100 फिट की झांकी निर्माण का कार्य चल रहा है नवरात्र से तीन दिन पहले निर्माण कार्य पूरा हो जायेगा। सबसे खास बात यह है कि नवरात्र के नव दिन 9 कलर से लाइटिंग होगी। अलग अलग दिन अलग अलग कलर दिखेगे।

हमीदिया में चंद्रयान 3 की सफलता की कहानी

चंद्रयान-3 की सफलता की कहनी पर आधारित झांकी हमीदिया के पास बनेगी। नवयुवक त्योहार उत्सव समिति पूर्वी हमीदिया गेट पंडाल का एरिया 80 बाय 10 वर्ग फीट उंचाई 20 फीट रहेगा। समिति के संयोजक मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार की झांकी में चंद्रयान 3 को बनाने का निर्णय लिया है। बजट 20 लाख रुपए है। मां दुर्गा की कृपा से इस बार चंद्रयान-3 की चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर सफल लैंडिंग का दृश्य दिखाया जाएगा।

700 से अधिक जगह सजेगी दुर्गा झांकी

राजधानी भोपाल में शारदीय नवरात्र उत्सव को लेकर अभी से जोर-सोर से तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसको लेकर भोपाल में अभी से दुर्गा उत्सव के लिए पंडालों का भूमिपूजन के साथ झांकी तैयार होने लगी है। इस बार शहर में अयोध्या के राम मंदिर की प्रतिकृति , काशी विश्वनाथ के दर्शन ,कोल्हापुर के महालक्ष्मी मंदिर सहित चंद्रयान-3 की सफलता की कहनी पर आधारित झांकी आकर्षण का केंद्र रहेगी। भोपाल में इस साल करीब 700 से अधिक जगहों पर दुर्गा झांकी सजाई जा रही है।

Tags

Next Story