Bhopal News : पुलिस चौकी के सामने हेड कांस्टेबल से की मारपीट

Bhopal News : पुलिस चौकी के सामने हेड कांस्टेबल से की मारपीट
X
राजधानी में बदमाशों का हौसला इतना बुलंद है कि वह पुलिसकर्मियों पर भी हमला करने से नहीं चूक रहे हैं।

भोपाल। राजधानी में बदमाशों का हौसला इतना बुलंद है कि वह पुलिसकर्मियों पर भी हमला करने से नहीं चूक रहे हैं। ऐसा ही एक मामला आनंद नगर पुलिस चौकी के सामने आया। यहां दो सगे भाइयों ने मिलकर हेड कांस्टेबल से झूमाझटकी करते हुए मारपीट कर दी। घटना शुक्रवार रात पौने आठ बजे के आसपास की बताई जा रही है। सरेराह हेड कांस्टेबल के साथ लात-घूसों से मारपीट होने पर कुछ ही दूर मौजूद चार्ली के पुलिसकर्मियों ने आरोपियों से उन्हें बचाया और दोनों को चौकी में बैठा लिया। पिपलानी पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।पुलिस के अनुसार, हेड कांस्टेबल अखिलेश शर्मा आनंद नगर चौकी में पदस्थ हैं। प्रतिदिन चौकी के बाहर जाम की स्थिति बनने के कारण वे चौकी के सामने ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे थे, जबकि सड़क की दूसरी ओर चार्ली की टीम लगी हुई थी।

युवक से विवाद कर रहे थे दोनों आरोपी

ट्रैफिक व्यवस्था के दौरान एक बाइक पर आए दो युवकों की बाइक एक अन्य बाइक से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक सवार युवक दूसरी बाइक पर बैठे युवक से विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर जाम बढ़ने लगा। अखिलेश शर्मा ने उन्हें बाइक हटाने का कहा। इससे आरोपी भड़क गए और अखिलेश से कॉलर पकड़कर झूमाझटकी करते हाथापाई करने लगे। मारपीट में अखिलेश की शर्ट की बटन टूट गई। इसी दौरान दूसरी तरफ कुछ दूरी पर खड़े चार्ली के जवानों की नजर पड़ी तो वे दौड़कर पहुंचे और आरोपियों को पकड़कर चौकी में ले गए। आरोपियों की पहचान राजन सिंह उर्फ गोलू राजूपत और शुभम सिंह राजपूत निवासी अर्जुन नगर पिपलानी के रूप में की गई।

Tags

Next Story