Bhopal Suicide News : चौथी मंजिल की बालकनी से कूदकर महिला ने दी जान

Bhopal Suicide News : चौथी मंजिल की बालकनी से कूदकर महिला ने दी जान
X
कटारा हिल्स थाना क्षेत्र स्थित निकुंज हाइट कॉलोनी में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक महिला ने चौथी मंजिल की बालकनी से कूदकर जान दे दी।

भोपाल। कटारा हिल्स थाना क्षेत्र स्थित निकुंज हाइट कॉलोनी में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात एक महिला ने चौथी मंजिल की बालकनी से कूदकर जान दे दी। कूदने से पहले उसका पति से खाना बनाने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके अलावा पुलिस की पूछताछ में यह बात पता चली कि दंपती की शादी को बारह साल हो गए थे, लेकिन उनके घर संतान नहीं थी। इस बात को भी लेकर दंपती में आए दिन कहासुनी होती थी। सोमवार को महिला का शव पीएम के बाद परिजन को सौंप दिया गया है। पति पत्नी की लाश लेकर सारणी, जिला बैतूल चला गया है। वहां उसका अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस का कहना है कि मृतिका के मायके पक्ष के बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फ्लैट में किराए से रहते थे

एएसआई शिव बाबू त्रिपाठी ने बताया कि आरती पाटिल पति देवेंद्र पाटिल (34) फ्लैट नंबर 401, ए ब्लॉक निकुंज विहार, कटारा हिल्स में रहती थी। दंपती चौथी मंजिल पर फ्लैट में किराए से रहते थे। मूलत: महाराष्ट्र निवासी आरती पाटिल की शादी बारह साल पहले सारणी, जिला बैतूल निवासी देवेंद्र पाटिल से थी। देवेंद्र ग्वालियर की एक शराब कंपनी में नौकरी करता है और उसकी नौकरी भोपाल में है। देवेंद्र का चचेरा भाई बागसेवनिया में रहता है। रविवार को उसके घर जन्मदिन का कार्यक्रम था। आरती और देवेंद्र जन्मदिन में गए थे। वहां से रात करीब साढ़े 12 बजे के आसपास अपने घर लौट आए।

रात में पति ने खाना बनाने को कहा तो पत्नी ने कहा सिलेंडर खत्म हो गया है

पार्टी में देवेंद्र ने शराब पी थी। रात करीर एक बजे के आसपास देवेंद्र ने पत्नी से कहा था कि भूख लगी है और खाना बना लो। इस पर आरती ने कहा था कि सिलेंडर खत्म हो चुका है और वह खाना नहीं बना सकती। आरती ने देवेंद्र से कहा था कि जन्मदिन की पार्टी में खाना था और वहां खाना खा लेना था। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद होने लगा। विवाद बढ़ने पर आरती अंदर वाले कमरे में चली गई। उसने कमरा अंदर से बंद किया और बालकनी से नीचे छलांग लगा दी। करीब पचास फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण आरती को गंभीर चोट आई थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, वहां कुछ ही देर बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चीख पुकार सुनकर पहुंचे लोग

निकुंज हाइट के सामने सड़क की दूसरी ओर महज तीस मीटर दूरी पर टैंट लगा हुआ था और वहां खाटू श्याम जी का जागरण चल रहा था। वहां भीड़भाड़ थी और सामने वाली कॉलोनी के गार्ड भी मौजूद थे। वहां के लोगों ने बताया कि रात करीब पौने दो बजे के आसपास आरती फ्लैट की बालकनी में लटकी नजर आई थी। उसके हाथ रेलिंग पर थे और वह लटकी हुई थी। करीब पांच से सात मिनट तक वह रेलिंग में लटकी रही। लोगों दौड़कर फ्लैट तक पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। कुछ देर बाद आरती के हाथ छूटे और वह पसलियों के बल नीचे गिरी थी।

पसलियां टूटने से हुई मौत

कटारा हिल्स थाना प्रभारी भानसिंह प्रजापति ने बताया कि एम्स में आरती का पीएम कराया गया। डॉक्टर ने बताया कि वह पसलियों के बल नीचे फर्स पर गिरी थी। पसलियां टूटने से उसकी मौत हुई है। गिरने से सिर में चोट नहीं लगी है। पुलिस ने शव पीएम के बाद पति को सौंप दिया है। मायके वालों बयान के लिए बुलाया गया। जिस कमरे से आरती ने छलांग लगाई है। उसका दरवाजा अंदर से बंद है उसे सील कर दिया गया है। पति के भोपाल लौटने के बाद कमरे की जांच की जाएगी।

Tags

Next Story