बिसाहू लाल के बिगड़े बोल, कहा- समानता लाना है तो सवर्ण महिलाओं को खींच कर बाहर निकाला और यह कराओ

बिसाहू लाल के बिगड़े बोल, कहा- समानता लाना है तो सवर्ण महिलाओं को खींच कर बाहर निकाला और यह कराओ
X
मध्यप्रदेश् की भाजपा सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने विवादित बयान दिया है। एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा है कि यदि समानता लाना है तो सवर्ण महिलाओं को खींचकर बाहर निकालो और काम पर लगा दो। उन्होंने कहा कि वे हमेशा घरों के अंदर कैद रहती है जबकि काम अन्य वर्ग की महिलाएं ही करती हैं। बिसाहू के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया हुई है। करणी सेना तो उनका मुंह काला करने की धमकी दे डाली है।

भोपाल। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने विवादित बयान दिया है। एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा है कि यदि समानता लाना है तो सवर्ण महिलाओं को खींचकर बाहर निकालो और काम पर लगा दो। उन्होंने कहा कि वे हमेशा घरों के अंदर कैद रहती है जबकि काम अन्य वर्ग की महिलाएं ही करती हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इस तरह समानता कैसे आ सकती है? बता दें, बिसाहूलाल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए हैं और कई बार विवादित बयान दे चुके हैं। बिसाहू के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया हुई है। करणी सेना तो उनका मुंह काला करने की धमकी दे डाली है।

यह कहा बिसाहूलाल सिंह ने

प्रदेश के अनूपपुर में महिलाओं के एक कार्यक्रम में महिला समानता पर बोलते हुए बिसाहूलाल ने कहा कि जितने बड़े-बड़े लोग हैं, ठाकुर-ठकार और दूसरे सवर्ण लोग, वो अपनी औरतों को कोठरी में बंद करके रखते हैं। बाहर निकलने ही नहीं देते। धान काटने, आंगन लीपने, गोबर फेंकने जैसे जितने काम हैं, ये सब हमारे गांव की अन्य वर्गों की महिलाएं करती हैं। उन्होंने कहा जब महिलाओं और पुरुषों का बराबर अधिकार है, तो दोनों को बराबरी से काम भी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सब अपने अधिकारों को पहचानो और पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करो और बड़े लोगों की महिलाएं बाहर न निकले तो पकड़-पकड़कर उन्हें बाहर निकालो, काम कराओ, तभी तो महिलाएं आगे बढ़ेंगी।

करणी सेना ने दी यह चेतावनी

राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने बिसाहूलाल सिंह के बयान का विरोध किया है। संगठन के प्रदेश संगठन मंत्री शैलेन्द्र सिंह झाला ने चेतावनी देते हुए कहा है कि महिलाओं के लिए ऐसा बयान देने वाले मंत्री जहां भी मिल जाएं उनका मुंह काला कर दो। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं, मंत्रियों को महिलाओं को इज्जत क्या होती है, यह समझाना जरूरी है।

कांग्रेस ने दी यह प्रतिक्रिया

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने बिसाहूलाल सिंह के बयान पर भाजपा को घेरा है। उन्होंने कहा है कि 'लगता है कि भाजपा ने राजपूत समाज, सिंधी समाज, ब्राह्मण-बनिया समाज का रोज अपमान करना शुरू कर दिया है। रामेश्वर शर्मा के बाद अब मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने राजपूत समाज की महिलाओं के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की है। इससे पहले भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव बनिया व ब्राह्मण समाज का अपमान कर ही चुके हैं।

Tags

Next Story