MP Election 2023 : भ्रष्ट अधिकारियों को बचाने का काम कर रही भाजपा सरकार - दिग्विजय सिंह

भोपाल।राज्यसभा सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आजीविका मिशन में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बताया है कि मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार आजीविका मिशन के भ्रष्ट अधिकारी की करतूतों को छुपाकर उसे बचाने का प्रयास कर रही है।
दिग्विजय सिंह ने बताया कि आजीविका मिशन की दीदियां वर्षों से कड़ी मेहनत, लगन एवं निष्ठा के साथ कार्य कर रही हैं उसको अनदेखा कर आजीविका मिशन के राज्य कार्यालय में बैठे भ्रष्ट अधिकारी के द्वारा व्यापक भ्रष्टाचार कर उन समूह को स्वावलंबी नहीं बनाकर केवल कागजों पर ही उन्हें दिखाया जा रहा है जबकि वास्तविक स्थिति भिन्न है।
दीदीयों की चेक बुक अधिकारियों के संरक्षण में
उन्होंने आगे कहा कि समूह की सदस्य आज भी वह लाभांश नहीं प्राप्त कर पा रही हैं। लाभांश कागज में दर्शाया जा रहा है। दीदीयां स्वयं अपने निर्णय नहीं ले पा रही हैं, उनकी चेक बुक उनके प्रोसीडिंग रजिस्टर एवं अन्य अभिलेख आजीविका मिशन के अधिकारी और कर्मचारी अपने संरक्षण में रखते हैं। राज्य स्तर पर बैठे भ्रष्ट अधिकारी के निर्देशानुसार आजीविका मिशन का अमला कार्य कर रहा हैं।
प्रदेश में यूनिफॉर्म घोटाला
उन्होंने आगे बताया कि पिछले दिनों प्रदेश के प्रमुख अखबारों ने शासकीय स्कूलों में अध्ययनरत छात्रों को यूनिफॉर्म नहीं मिलने की खबर का प्रकाशन किया। इसमें करोड़ों रुपए के घोटाले का भ्रष्टाचार प्रमुख रूप से उजागर किया गया था। राज्य सरकार इस खबर की निष्पक्ष जांच कराने के बजाय भ्रष्ट अधिकारी को बचाने में लग गई। समूह की भोली भाली दीदियों को आगे कर इस घोटाले बाज को बचाने का एवं छुपाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है।
भ्रष्ट अधिकारियों पर हमारी नजर
कांग्रेस के कार्यकर्ता जो प्रत्येक ग्राम टोले मजरे में रहते हैं वह आजीविका मिशन की गतिविधियों पर पूरी नजर रखे हुए हैं और ऐसे भ्रष्ट अधिकारी जिनके ऊपर दोष सिद्ध हो गए हैं बच नही पायेंगे। सरकार में यदि जरा सी भी नैतिकता बची हो तो उसे तत्काल पद से पृथक कर उनके भ्रष्ट कार्यों एवं पद के दुरुपयोग के आरोपो की जांच कराते हुए उसे दंडित करना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में महिला स्व सहायता समूहों का राजनीतिकरण किया जा रहा है, उन्हें केवल वोट बैंक समझा जाकर उनका उपयोग अब सिर्फ रैलियों, सम्मेलनों और भाजपा के इंवेटों में भीड़ जुटाने के लिए किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में बसों के माध्यम से अन्य जिलों से लाकर स्व सहायता समूह की महिलाओं को भीड़ बनाकर कार्यक्रमों में संख्या दिखाई जा रही है। इसके चलते अनेकों बस दुर्घटना हो चुकी हैं जिसमें कई निर्दाेष लोगों की मौत हुई हैं, इसकी जिम्मेदार भाजपा सरकार है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS