धार्मिक महत्व के सिद्धा पहाड़ में खनन के खिलाफ कांंग्रेस के साथ भाजपा विधायक ने दी आर-पार की चेतावनी, साधू-संतों से कर डाली यह अपील

भोपाल। धार्मिक महत्व वाले चित्रकूट के सिद्धा पहाड़ में खनन के खिलाफ पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह एवं चित्रकूट से कांग्रेस विधायक नीलांशु चतुर्वेदी ने तो आवाज उठाई ही है, भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी भी मैदान में कूद गए हैं। उन्होंने अपनी ही सरकार को घेरते हुए कहा है वह किसी भी कीमत पर इस धार्मिक महत्त्व वाले पहाड़ को खोदने नहीं देंगे। त्रिपाठी ने प्रदेश के सभी साधु संतों का आह्वान किया है कि जिस दिन पहाड़ के खनन से संबंधित दावे-आपत्तियों की सुनवाई हो उस दिन सभी इकट्ठा हों और इसका विरोध करें। त्रिपाठी का कहना है कि तीन बार सीएम से मिलने का समय मांगने के प्रयास के बाद भी जब समय नहीं मिल पाया तो अब वह आर पार की लड़ाई के मूड में आ गए हैं।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने लगाया यह आरोप
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह ने कहा है कि पहले रीवा में सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों के एकमात्र केंद्र भगवान परशुराम आश्रम को मुख्यमंत्री के इशारे पर अतिक्रमण के नाम पर तोड़ दिया गया| देश भर के साधू संत चित्रकूट और राम वन गमन पथ यात्रा के दौरान यहाँ रुकते थे| अब सरकार भगवान राम की कर्मभूमि सिद्धा पहाड़ को ही खोदने की अनुमति देने जा रही है| रामायण में इस पहाड़ का उल्लेख है| यह पहाड़ ऋषि मुनियों की हड्डियों के ढेर से बना है| यहाँ प्रभु श्रीराम ने भूमि को राक्षसों से विहीन करने की प्रतिज्ञा ली थी| अगले कुछ साल में रामायण में उल्लेखित सिद्धा पहाड़ भी विन्ध्य भूमि से गायब हो जाएगा| सिंह ने कहा कि शिवराज सिंह की यदि वाकई राम के प्रति आस्था है तो वे राम वन गमन पथ क्षेत्र में धड़ल्ले से हो रहे अवैध उत्खनन पर तत्काल रोक लगायें| चित्रकूट विधायक नीलांश चतुर्वेदी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पहाड़ खनन के लिए न देने की मांग कर चुके हैं।
सिद्धा पहाड़ का यह धार्मिक महत्व
सतना के चित्रकूट में स्थित सिद्धा पहाड़ के बारे में धार्मिक मान्यता है कि यह ऋषि मुनियो की अस्थियों का पहाड़ है। इसी पहाड़ को देखकर वनवास के समय भगवान राम ने प्रण लिया था कि वह पृथ्वी को निशाचरों से मुक्त कर देंगे। अब इस पहाड़ को खोदने को लेकर दावे आपत्तियां का दौर शुरू हो गया है। जानकारी के अनुसार तत्कालीन कलेक्टर सुखबीर सिंह ने 27 लीज को निरस्त किया था, जिसमें सिद्धा पहाड़ भी शामिल था|
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS