बोहरा समाज ने नमाज अदा कर मनाई ईद, आज मुस्लिम समुदाय मनाएगा ईदुज्जुहा

भोपाल। बोहरा समाज ने ईदुज्जुहा का पर्व बुधवार को मनाया। जिसके लिए बोहरा समाज की मस्जिदों में नमाज अदा की गई। नमाज के पहले पैगंबर इब्राहिम अलस्सलाम की जिंदगी से जुड़ी तकरीरें भी की गई। इस पर्व से बलिदान की प्रेरणा ली जाती है। यह त्योहार तीन दिन तक मनाया जाएगा। जिसके तहत जानवरों की कुर्बानी की जाती है। इधर मुस्लिम समुदाय गुरुवार को ईदुज्जुहा का पर्व मनाएगा। सुबह सबसे पहले ईदगाह में नमाज अदा की जाएगी, जिसके बाद बड़ी मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की जाएगी। इसके बाद समुदाय के लोग जानवरों की कुर्बानी करेंगे।
ईदगाह में सुबह सात बजे अदा की जाएगी नमाज
ईद को देखते हुए मसाजिद कमेटी ने ईद की नमाज के वक्त का ऐलान कर दिया है। जिसके तहत गुरुवार को सबसे पहले सुबह सात बजे ईदगाह पर नमाज अदा की जाएगी। इसके बाद 7.15 जामा मस्जिद, 7.30 ताजुल मसाजिद, 7.45 मोती मस्जिद, मस्जिद बिल्किस जहां आरिफ नगर में 8 बजे सहित मोहल्लों की मस्जिदों में स्थानीय स्तर पर वक्त तय किया जाएगा। जिसके बाद अगले तीन दिनों तक कुर्बानी का सिलसिला जारी रहेगा।
बाजारों में खरीदारी करने उमड़ी भीड़
गुरुवार को ईद को देखते हुए शहर के बाजारों में महिलाओं, बच्चों और अन्य लोगों की भीड़ देखी जा रही है। पठानी, कुर्ता सहित महिलाओं के कपड़ों की जमकर खरीदारी जारी है। बुधवार को शहर के चौक बाजार में देर रात तक दुकानों से लोग खरीदारी करते नजर आए। इधर शहर में जगह-जगह कुर्बानी के जानवरों की खरीद फरोख्त भी चलती रही।
बोहरा समाज ने अलीगंज, ओल्ड सुभाष नगर, नूरमहल, नजमी हाल, मालीपुरा, हुसैनी मस्जिद, बुरहानी मस्जिद में ईद की विशेष नमाज अदा की और वतन की खुशहाली की दुआ मांगी। आल इंडिया मुस्लिम त्यौहार कमेटी के अध्यक्ष औसाफ शाहमीर खुर्रम ने बताया 29 जून को ईद-उल-अजहा मनाई जाएगी। नमाज के बाद विश्व शांति और खुशहाली के लिए इज्तेमाई दुआएं भी की जाएंगी। मस्जिदों में फर्ज नमाज के बाद बुलंद आवाज में तकबीर भी पढ़ी जा रही है। ईद के दिन सभी एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारक बाद पेश करेंगे। मेहमानों की खातिरदारी और मेहमान नवाजी भी करेंगे।
पुलिस आयुक्त और कलेक्टर ने ली धर्म गुरुओं की बैठक
ईद-उल-जुहा (बकरीद) के मद्देनजर बुधवार को पुलिस आयुक्त हरिनारायणाचारी मिश्र और कलेक्टर आशीष सिंह ने शहर के धर्म गुरुओं और गणमान्य नागरिकों की बैठक ली। पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित इस बैठक में बकरीद का त्योहार आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द्र के साथ मनाने की अपील की गई। इस अवसर पर शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के अवसर पर सभी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। त्योहार के मद्देनजर शहर में सख्त सुरक्षा व्यवस्था लगाई गई है। लोगों के आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए ट्रैफिक व्यवस्था बनाई गई है।
42 जगहों पर बनाई अस्थाई कुर्बानगाह
राजधानी की सभी प्रमुख मस्जिदों, मैदानों सहित अनेक मोहल्लों, कॉलोनियों में लगभग डेढ़ सौ से अधिक स्थानों पर ईद-उल-अजहा की विशेष नमाज अदा की जाएगी। जिला प्रशासन ने शहर के विभिन्न मोहल्लों, कॉलोनियों में इस बार 42 स्थानों पर अस्थाई कुरबानगाह बनाई है, जहां छोटे-बड़े जानवरों की कुर्बानी तीन दिन तक की जाएगी।
भोपाल की ईदगाह मस्जिद पर ईद की नमाज की तैयारी की गई
ईद की नमाज को लेकर गुरुवार सुबह 6.30 बजे से सुबह 10 बजे तक पुराने शहर का ट्रैफिक बदला रहेगा। इस दौरान इंदौर-उज्जैन, राजगढ़-ब्यावरा की तरफ से आने वाली बसें लालघाटी से नादरा बस स्टैंड नहीं जाएंगी। यह बसें हलालपुरा स्थित बस स्टैंड पर रुकेंगी। इसी प्रकार रेतघाट से मोती मस्जिद और सदर मंजिल-रायल मार्केट की ओर बीसीएलएल की बसें एवं आम यातायात का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यह वाहन व्हीआईपी रोड का उपयोग कर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। लालघाटी से कोहेफिजा, इमामी गेट, पीरगेट की ओर बीसीएलएल की बसें एवं आम यातायात परिवर्तित रहेगा। आमजन लालघाटी से व्हीआईपी रोड का उपयोग कर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा
नादरा बस स्टैंड से भोपाल टाकीज होकर रॉयल मार्केट की ओर बीसीएलएल, मध्यम और बड़ी बसों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। लालघाटी की ओर जाने वाली बसें जेपीनगर तिराहे से बेस्ट प्राईज करोंद होकर आवागमन करेंगी। सभी प्रकार के लोक परिवहन, मालवाहक, भारी व्यवसायिक एवं अनुमति प्राप्त वाहनों का ईदगाह की ओर आने वाले मार्गों पर उपरोक्त समय में आवागमन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS