लुटेरी दुल्हन : शादी के दूसरे दिन भागी पत्नी, गिरोह की तलाश में पुलिस

दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह में शादी के बाद बिचौलिये के द्वारा ठगी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बिचौलिए ने एक लाख रुपए लेकर शादी करवाई। दो दिन बाद ही नई-नवेली दुल्हन भाग गई। मामले की शिकायत पुलिस में की गई है।
मामला बांदकपुर चौकी के बेलखेड़ी गांव का है। बेलखेड़ी निवासी राजेश ने शिकायत में बताया है कि वह शादी करना चाहता था। इसे लेकर बटियागढ़ के बमनपुरा निवासी मुकेश उर्फ हक्कू यादव से चर्चा हुई। मुकेश ने उसे लड़की दिखाई और रिश्ता भी पक्का हो गया। मुकेश ने लड़की के लालन-पालन में खर्च हुए एक लाख रुपए मांगे। लड़के वाले पैसे देने के लिए तैयार हो गए। इसके बाद 16 दिसंबर को पहले कोर्ट से और फिर मंदिर से शादी हो गई। मंदिर में शादी से पहले दोनों ने कोर्ट में शादी की। इसका सर्टिफिकेट भी दिया गया।
पीड़ित ने बताया कि एक दिन तो पत्नी ठीक से रही, लेकिन दूसरे दिन वह झगड़ा करने लगी। वह उसे बाजार खरीदी कराने लेकर गया। इसके बाद वह बांदकपुर जाकर दर्शन करने की जिद पर अड़ गई। दोनों बाइक से बांदकपुर गए। वहां से दर्शन कर वापस आ रहे थे, तभी रास्ते में बहाने से पत्नी ने बाइक रुकवाई। इतने में चार पहिया वाहन से दो युवक आए। वे बिना कुछ कहे मारपीट करने लगे। इसके बाद पत्नी को लेकर भाग गए।
इस मामले में पुलिस के मुताबिक आरोपी हक्कू यादव की तलाश की जा रही है। टीम भेजी गई थी। शिकायत में सिर्फ एक लाख रुपयों का जिक्र किया गया है। वह मंगलसूत्र या कुछ जेवर भी दुल्हन पहने होगी। वो भी वह साथ ले गई। जांच जारी है। शादी के नाम पर लूटने वाले इस गिरोह का खुलासा जल्द ही किया जाएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS