भगोरिया में शामिल होने अलीराजपुर पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज ने की कई घोषणाएं, जनजातीय वेशभूषा में किया नृत्य

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अलीराजपुर में जनजातीय वर्ग के भगोरिया उत्सव में शामिल हुए और पारंपरिक जनजातीय वेशभूषा के साथ भगोरिया नृत्य भी किया। यहां पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज ने घोषणाओं की झड़ी लगा दी। उन्होंने कहा कि भगोरिया को राजकीय पर्व के रूप में मनाया जाएगा और इसे सांस्कृतिक धरोहर के रूप में स्थान दिया जाएगा। चौहान ने ग्राम सोरवा में बाबा छीतू किराड़ के किले का जीर्णोद्धार, उनका भव्य स्मारक बनाने और अलीराजपुर में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोंडवा स्थित रानी काजल माता मंदिर से धनबायडी तक 3 किलोमीटर लम्बाई की सड़क का निर्माण भी किया जाएगा।
अलीराजपुर के बड़े क्षेत्र में पहुंचेगा नर्मदा जल
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि नर्मदा उद्वहन सिंचाई योजना से अलीराजपुर जिले के बड़े क्षेत्र में नर्मदा जल पहुँचाने का कार्य किया जा रहा है। सिंचाई योजना से जिले के खेत लहलहा उठेंगे, जिससे क्षेत्र का विकास होगा। उन्होंने कहा कि सोंडवा विकासखंड के 106 ग्रामों में नर्मदा जल पहुँचाने के लिए शीघ्र सर्वे कराया जाएगा। हमारे जनजातीय भाई-बहनों के खेतों में, जहाँ नहरों से पानी नहीं आ पा रहा है, वहाँ पाइप लाइन डाल कर खेतों तक पानी पहुँचाया जायेगा।
समूह उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भगोरिया उत्सव में म.प्र. ग्रामीण आजीविका मिशन के समूह सदस्यों के विभिन्न उत्पादों एवं जिले के युवा ग्रामीण हस्तशिल्प कलाकारों के स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने समूह की महिलाओं एवं कलाकारों के उत्पादों को देखा और उनकी सराहना कर प्रोत्साहित किया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS