मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा- आज सिंगरौली में जो दिख रहा है वह भाजपा सरकार की देन, केंद्रीय मंत्री राजनाथ ने की शिवराज की तारीफ

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आज मुझे 2008 याद या रहा है। उस समय सिंगरौली वालों ने कहा था कि कांग्रेस ने सिंगरौली के साथ बहुत अन्याय किया है। हमने तय किया कि सिंगरौली जिला बनेगा और उसके बाद यहां विकास यात्रा प्रारंभ हुई। आज जो कुछ सिंगरौली में दिखाई दे रहा है, वह भाजपा सरकार की देन है। मुख्यमंत्री चौहान ने सिंगरौली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने भी शिवराज की तारीफ की।
मेडिकल कालेज के साथ ये घोषणाएं कीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम 248 करोड़ रुपये का मेडिकल कॉलेज सिंगरौली को दे रहे हैं। इसके होने से आपको अब इलाज के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हमारी इतनी खदानें हैं, इतनी माइनिंग होती है, इसके लिए स्किल्ड मैनपॉवर की बात आती थी। अब हम यहां माइनिंग कॉलेज खोल रहे हैं। यहाँ के नौजवानों को ट्रेनिंग मिलेगी और रोजगार मिलेगा। हम इसमें ऊर्जा कॉलेज भी खोलेंगे। इससे पॉवरप्लांट में जितने भी योग्य लोग चाहिए, वो यहीं पढ़ सकेंगे।
सवा लाख पदों पर सरकारी भर्ती जारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी सवा लाख पदों पर सरकारी भर्ती चालू है। प्राइवेट सेक्टर में भी रोजगार मिल रहा है। अभी इंदौर में आयोजित GIS में 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव आए हैं, इससे 29 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा, जिससे सिंगरौली को भी फायदा होगा। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक सशक्त और समृद्ध भारत का निर्माण हो रहा है।
शिवराज को अच्छे काम का सर्टिफिकेट देती है जनता: राजनाथ
सिंगरौली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इतना बड़ा जनसैलाब मुझे देखने के लिए मिलेगा, इसकी कल्पना मैंने नहीं की थी। शिवराज सिंह चौहान कई वर्षों से मुख्यमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। सिंह ने कहा कि जब भी चुनाव होता है, तो मध्यप्रदेश की जनता उन्हें विजयी बनाकर उनके अच्छे काम का सर्टिफिकेट दे देती है। जैसे हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी, वैसे ही हमारे शिवराज सिंह चौहान जी, इन दोनों की सरकार गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित है। गरीबों का कल्याण हमारी प्रतिबद्धता, प्रेरणा और जीवन का मंत्र है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS