कांग्रेस झूठ और भ्रम फैलाने में माहिर: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कांग्रेस झूठ और भ्रम फैलाने में माहिर है। कांग्रेस के लोग झूठी कर्जमाफी की बात करते हैं जबकि हम प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के माध्यम से 10 हजार रुपए प्रतिवर्ष किसानों को दे रहे हैं। कांग्रेस बेरोजगारी की बात करती है, जबकि बेरोजगारी की सबसे कम दर मध्यप्रदेश में है। हम एक लाख नौकरी देने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस के राज में प्रति व्यक्ति आय 13 हजार रुपए थी लेकिन आज मध्यप्रदेश में प्रति व्यक्ति आय 1 लाख 37 हजार रुपए तक पहुंच गई है। मुख्यमंत्री यह बात कटनी में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर बड़े लक्ष्य के लिए काम कर रहे हैं, इसलिए बड़ा मन रखें और विनम्र कार्यकर्ता की तरह जनता की सेवा में जुटें रहें और संकल्प लें कि हम अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे। निश्चित तौर पर हम मिलकर विजय का नया इतिहास रचेंगे। कांग्रेस पार्टी के नेता हमारी बड़ी उपलब्धियों में छोटी सी गलती निकालकर उसे बड़ा मुद्दा बनाते हैं, जबकि हमने जितने विकास के काम और क्रांतिकारी निर्णय लिए हैं, उतने कांग्रेस आज तक नहीं कर पाई। हमने माफिया राज और नक्सलवाद खत्म किया, 23 हजार एकड़ जमीन दबंगों से मुक्त कराकर गरीबों को बांटी। महाकाल लोक, चीता प्रोजेक्ट और मेडिकल की हिन्दी में पढ़ाई करवाने का ऐतिहासिक फैसला लिया।
बैठक का संचालन पार्टी की प्रदेश महामंत्री सुश्री कविता पाटीदार ने किया। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद , अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया, राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष सुधीर गुप्ता मंच पर उपस्थित थे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS