जबलपुर, मुरैना समेत 4 जिलों के कलेक्टर बदले, कई और IAS अफसरों के तबादले

जबलपुर, मुरैना समेत 4 जिलों के कलेक्टर बदले, कई और IAS अफसरों के तबादले
X
सरकार ने मुरैना कलेक्टर प्रियंका दास को मप्र राज्य बीज एवं फार्म विकास निगम का एमडी बनाया है। पढ़िए पूरी खबर-

भोपाल। राज्य सरकार ने शुक्रवार को जबलपुर, मुरैना समेत चार जिलों के कलेक्टर बदल दिए। कुल 7 आईएएस अफसरों के तबादले किए गए हैं। जबलपुर कलेक्टर भरत यादव, मुरैना कलेक्टर प्रियंका दास को हटा दिया। दोनों को भोपाल में पदस्थ किया गया है। जबलपुर में पन्ना जिले के कलेक्टर कर्मवीर शर्मा को भेजा गया है। मुरैना में अनुराग वर्मा, हरदा में संजय गुप्ता व पन्ना में संजय कुमार मिश्रा को पदस्थ किया गया है।

जीएडी कार्मिक ने दो अलग-अलग आदेशों में 7 आईएएस अफसरों के तबादले किए। संयुक्त आवासीय आयुक्त मप्र भवन मुंबई, अतिरिक्त प्रबंध संचालक दि प्रोविडेंट इनवेस्टमेंटर कंपनी लि. मुंबई के संजय कुमार मिश्रा को पन्ना कलेक्टर बनाया गया है। जबलपुर कलेक्टर भरत यादव के व्यवहार को लेकर जबलपुर के भाजपा नेताओं ने शिकायत की थी। उसी समय से लग रहा था कि यादव को हटाया जाएगा। हालांकि जब कई जिलों के कलेक्टर बदले गए और यादव अपने पद पर बने रहे तो यह मान लिया गया कि वही पदस्थ रहेंगे। अब सरकार ने यादव को हटाकर कर्मवीर शर्मा को जबलपुर जैसे बड़े जिले की जिम्मेदारी सौंपी है। यादव को मप्र गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल भोपाल का आयुक्त बनाया गया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने पर आयुक्त नगरीय प्रशासन निकुंज कुमार श्रीवास्तव केवल उक्त पद के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगे।

प्रियंका दास को राज्य बीज निगम का एमडी बनाया

सरकार ने मुरैना कलेक्टर प्रियंका दास को मप्र राज्य बीज एवं फार्म विकास निगम का एमडी बनाया है। नगरीय प्रशासन विभाग के अपर आयुक्त व मप्र मेट्रो रेल कंपनी के एमडी (अतिरिक्त प्रभार) स्वतंत्र कुमार सिंह को संचालक (पुनर्वास) एनवीडीए भोपाल बनाया गया है। इसी पद पर पदस्थ संजय गुप्ता को हरदा जिले का कलेक्टर बनाया गया है। जबकि हरदा कलेक्टर अनुराग वर्मा को मुरैना कलेक्टर बनाया गया है।

Tags

Next Story