भाजपा के 15 साल का जवाब 15 माह के कार्यकाल से देगी कांग्रेस, विशेषज्ञों ने तैयार किया काम का ब्यौरा

भोपाल। उपचुनावों की तैयारी में जुटे प्रदेश कमलनाथ भाजपा के 15 साल के कार्यों का मुकाबला अपनी सरकार के 15 माह के कार्यकाल से करेंगे। भाजपा आरोप लगा रही है कि कांग्रेस ने विधानसभा में जारी वचन पत्र का एक भी वचन पूरा नहीं किया। कांग्रेस विशेषज्ञों की मदद से अपनी सरकार के काम का ब्यौरा तैयार करा रही है। तैयार किए जा रहे ड्राफ्ट में 50 बिंदुओं का समावेश किया जा रहा है। इनमें उन वचनों का उल्लेख होगा, जो कांग्रेस सरकार द्वारा पूरे किए गए। इन्हें पंपलेट, ब्रोसर, सोशल मीडिया के साथ सभाओं, बैठकों के जरिए जनता के बीच पहुंचाया जाएगा। लोगों को बताया जाएगा कि कमलनाथ सरकार ने वचन पत्र के कितने वचन पूरे किए और भाजपा किस तरह अफवाह फैलाने पर आमादा है। इसके साथ विधानसभा चुनाव की तर्ज पर भाजपा की 15 साल की विफलताओं को भी जनता के सामने रखने की तैयारी है।
ड्राफ्ट तैयार करने में अफसर की भूमिका
कांग्रेस ने ड्राफ्ट तैयार करने में एक रिटायर्ड आईएएस के साथ कुछ अन्य विशेषज्ञों की मदद ली है। भाजपा द्वारा किसान कर्जमाफी के मुद्दे पर कांग्रेस को ज्यादा घेरा जा रहा है। इसलिए कांग्रेस ने इसी मुद्दे को अपना हथियार बनाने का निर्णय लिया है। कांग्रेस के नेता कहने लगे हैं कि भाजपा सरकार कांग्रेस द्वारा शुरू की गई किसान कर्जमाफी को आगे बढ़ाए। कांग्रेस का दावा है कि उसके कार्यकाल में लगभग 32 लाख किसानों का कर्ज माफ किया जा चुका है। भाजपा की सरकार आने के बाद इस पर ब्रेक लग गया।
इन वचनों पर होगा कांग्रेस का फोकस
कांग्रेस ने 50 बिंदुओं का जो ड्राफ्ट तैयार किया है, उसमें कर्जमाफी के साथ भाजपा के मुद्दों को उजागर करने का निर्णय लिया है। कांग्रेस बताएगी कि उसने किस तरह गौ-माता का ख्याल रखा। शिवराज सिंह चौहान द्वारा घोषित राम वन गमन पथ के निर्माण के लिए बजट का प्रावधान किया। कन्या विवाह योजना की राशि बढ़ाकर 51 हजार की। महाकाल एवं ओमकारेश्वर मंदिर परिसर के विकास की शरुआत की। पुजारियों का मानदेय बढ़ाया। अर्थात कांग्रेस बताएगी कि कांग्रेस ने उन मुद्दों पर भी काम किया जिन्हें भाजपा अपना कहती है जबकि भाजपा सरकार आने के बाद कांग्रेस द्वारा शुरू की गई किसान कर्जमाफी योजना को रोक दिया गया।
भाजपा की विफलताओं का भी होगा प्रचार
प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री राजीव सिंह का कहना है कि उप चुनावों में जनता को अपने काम तो बताएंगे ही, इसके साथ भाजपा सरकार की विफलताओं का भी प्रचार किया जाएगा। सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिर्फ घोषणाएं की। उनके ज्यादातर काम कागजों, फाइलों तक सीमित रहे। भाजपा सरकार की जो विफलताएं विधानसभा चुनावों के दौरान लोगों तक पहुंचाई गई थीं, एक बार फिर जनता को उनकी याद दिलाई जाएगी। हालांकि ऐसा नहीं है कि भाजपा शांत बैठेगी, उसने भी कांग्रेस सरकार की विफलताओं का चिट्ठा तैयार कर रखा है। दोनों दलों में मुद्दों को जनता के बीच ले जाने की होड़ दिखने के आसार हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS