MP Election 2023 : टिकटों पर बनी सहमति, मैदान में उतरे सिंधिया समर्थक 2 मंत्री

MP Election 2023 : टिकटों पर बनी सहमति, मैदान में उतरे सिंधिया समर्थक 2 मंत्री
X
भारतीय जनता पार्टी ने अपने 134 प्रत्याशियों का टिकट फाइनल कर दिया है। किंतु बाकी टिकटों पर अभी मंथन चल रही है। इसी को लेकर गुरुवार देर रात मुख्यमंत्री निवास में करीब 4 घंटे तक बैठक चली।

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने अपने 134 प्रत्याशियों का टिकट फाइनल कर दिया है। किंतु बाकी टिकटों पर अभी मंथन चल रही है। इसी को लेकर गुरुवार देर रात मुख्यमंत्री निवास में करीब 4 घंटे तक बैठक चली। इस बैठक में दो मंत्रियों को फिर से टिकट देने पर सहमति बनी है। हालांकि उनके क्षेत्र बदले जाएंगे। सिंधिया समर्थक दो मंत्रियों को भी टिकट देने पर विचार किया गया। बाकी का परफॉर्मेंस चूंकि उतना अच्छा नहीं है, इसलिए इस पर अभी कोई बात नहीं बन पाई है।

4 घंटे चला मंथन

प्रदेश की बाकी बची 94 विधानसभा सीटों को लेकर तकरीबन 4 घंटे मंथन चला, जिसमें घोषित प्रत्याशियों के खिलाफ हो रहे विरोध पर भी चर्चा हुई। सूत्रों ने बताया कि बैठक में 8 मंत्रियों पर नेताओं ने अपनी बातें रखी है, और टिकट काटे जाने के बाद डैमेज कंट्रोल कैसे करे, इस पर काफी देर तक बैठक हुई, जो रात्रि 11.30 तक चली। बैठक में विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की पांचवी सूची के नामों पर मंथन किया गया है। निर्णयकर्ता नेताओं ने शेष बची 94 विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों को लेकर चर्चा की। सरकार के 8 उन मंत्रियों के बारे में चर्चा हुई, जिन्हें अब तक टिकट नहीं दिया गया है। महिला मंत्रियों को फिर से टिकट दिए जाने पर सहमति बनी है, यानि कि संस्कृति मंत्री ऊषा ठाकुर को टिकट मिलने के आसार बढ़ गए हैं। अंतिम फैसला दिल्ली हाईकमान को लेना है, जहां सर्वे और अन्य इनपुट के आधार पर टिकट के बारे में निर्णय किया जाएगा। सूत्रों का कहना है बैठक में उन 5 मंत्रियों के टिकट पर भी चर्चा की गई है, जिनकी सर्वे व अन्य रिपोर्ट में स्थिति अच्छी नहीं है और उसी आधार पर अब तक उनकी टिकट रोकी गई है।

बन गई सहमति

केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से उनके समर्थक मंत्रियों और विधायकों को टिकट देने को लेकर राय मांगी गई। सूत्रों ने बताया कि आज की बैठक में सिंधिया समर्थक दो मंत्रियों के टिकट काटे जाने और कुछ विधायकों के क्षेत्र बदलने जाने पर लगभग सहमति बन गई है। हालांकि मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया को फिर से टिकट मिल सकता है। बैठक के बाद मुख्यमंत्री शिïवराज सिंह चौहान ने दिग्गज नेताओं को डिनर दिया। केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को दिल्ली लौटना था, इसलिए वे बैठक में अपनी बात रखने के उपरांत दिल्ली लौट गए।

बदला जा सकता विधानसभा क्षेत्र

सूत्रों ने बताया कि मंत्री ऊषा ठाकुर और स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार का विधानसभा क्षेत्र बदला जा सकता है। मंत्री गौरीशंकर बिसेन की पुत्री मौसमी को पार्टी उनके पिता के स्थान पर उम्मीदवार बना सकती है। बताते हैं कि सिंधिया समर्थक कुछ विधायकों के स्थान पर उनके ही दूसरे समर्थक नए चेहरे चुनाव लड़ सकते हैं। बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री चौहान, प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव, केन्द्रीय मंत्री एवं चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद मौजूद थे।

Tags

Next Story