बस से कंटेनर की भिड़ंत, 2 महिलाओं समेत 7 की मौत, 16 घायल

बस से कंटेनर की भिड़ंत, 2 महिलाओं समेत 7 की मौत, 16 घायल
X
ग्वालियर से उत्तरप्रदेश के बरेली जा रही एक यात्री बस की भिडंत कंटेनर से हो गई। बस में सवार यात्रियों में से 7 की मौके पर ही मौत हो गई। जिसमें 2 महिलाएं व 5 पुरुष बताए जाते हैं। करीब 16 यात्री घायल हुए हैं। मध्य प्रदेश सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4 - 4 लाख रुपए व घायलों को 50 - 50 हजार रूपए देने की घोषणा की है।

भोपाल/भिंड। गोहद चौराहा थाना इलाके में नेशनल हाईवे 719 पर शुक्रवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। ग्वालियर से उत्तरप्रदेश के बरेली जा रही एक यात्री बस की भिडंत कंटेनर से हो गई। कंटेनर भिंड से ग्वालियर की ओर जा रहा था। दोनों ही वाहन तेज गति में दौड़ रहे थे, जो गोहद के बंजारे का पुरा के पास आमने - सामने आकर टकरा गए। भिडंत इतनी तेज हुई कि बस में सवार यात्रियों में से 7 की मौके पर ही मौत हो गई। जिसमें 2 महिलाएं व 5 पुरुष बताए जाते हैं। करीब 16 यात्री घायल हुए हैं। भिंड एसपी मनोज कुमार सिंह ने हरिभूमि को बताया कि 4 गंभीर घायल ग्वालियर हॉस्पिटल के लिए रैफर हुए हैं, बाकी का इलाज गोहद के अस्पताल में चल रहा है।

घटनाक्रम के मुताबिक शुक्रवार की सुबह एक यात्री बस ग्वालियर से सवारियां भरकर बरेली के लिए रवाना हुई थी। बस जब गोहद चौराहा पार करके नेशनल हाई वे पर डांग इलाके में बंजारा का पुरा के पास पहुंची यहां सामने से आ रहे एक कंटेनर से उसकी जबरदस्त भिडंत हो गई। जिसमें 7 यात्रियों की मोके पर मौत हुई और करीब डेढ़ दर्जन घायल यात्रियों को ग्रामीणों ने बस के भीतर से निकाला। सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है।

कलेक्टर - एसपी मौके पर :

घटना की सूचना के बाद कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस और पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे हैं। इससे पहले थाना मालनपुर और गोहद थाने का पुलिस बल भी बचाव कार्य के लिए हादसा स्थल पर पहुंच गया था।

इनकी मौत, ये घायल :

सड़क हादसे में रजत राठौर निवासी किला गेट ग्वालियर समेत रानी व अन्य 5 की मौत हो गई, जिनकी शिनाख्त की कोशिश पुलिस कर रही है। गंभीर घायल असलम, निशा, सूरज व लक्ष्मी को इलाज के लिए ग्वालियर भेजा है। गोहद अस्पताल में अभिषेक, उषा, सत्यपाल, हरनाथ, संजय सिंह समेत करीब 1 दर्जन घायलों का इलाज चल रहा है।

मदद की घोषणा :

भिंड कलेक्टर ने घायलों को रेड क्रॉस से घायलों के लिए 5 - 5 हजार रूपए की व्यवस्था की है, जबकि मध्य प्रदेश सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4 - 4 लाख रुपए व घायलों को 50 - 50 हजार रूपए देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त कर घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए हैं, साथ ही परिवहन मंत्री गोविंद राजपूत ने हादसे की जांच के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

10 -10 लाख की सहायता दे सरकार :

पूर्व मंत्री डॉ गोविंद सिंह ने बस हादसे में मृत यात्रियों के प्रति शोक व्यक्त कर कहा है कि 4 -4 लाख की सहायता की घोषणा करके सरकार कोई अहसान नहीं कर रही। यह तो आरबीसी 6 - 4 के नियम में ही है। सरकार को चाहिए कि मृतकों के परिजनों को 10 - 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दे।

Tags

Next Story