Dhanteras 2023 : खूब बरसा धन, इस धनतेरस व्यापार साढ़े सात सौ करोड़ के पार

भोपाल। राजधानी भोपाल में धनतेरस पर रियल एस्टेट और ऑटोमोबाइल सेक्टर में धनदेवी लक्ष्मी की खूब कृपा हुई। रजिस्ट्रार कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार भोपाल में धनतेरस के दिन करीब 200 करोड़ रुपए 300 प्रॉपर्टी की रजिस्ट्रियां हुईं, तो पूरे मध्यप्रदेश में 4 हजार करोड़ रूपए की 4127 प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री लोगों ने रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंच कर अपने नाम कराई। जबकि शहर में संचालित 70 से अधिक विभिन्न चार पहिया और दुपहिया शोरूम्स में धनतेरस पर 2 हजार से अधिक कारें और 4500 दुपहियां वाहनों ने शहर की सड़कों पर फर्राटा भरा। जबकि सर्राफा बाजार सहित पूरे भोपाल शहर में संचालित ज्वेलरी शोरूम्स से करीब 12 से 15 किलो सोना और एक टन से अधिक 1200 किलो चांदी के जेवर, सिक्के, बर्तन सहित अन्य आभूषणों की खरीदारी हुई, तो गोल्ड इटीएफ, गोल्ड म्यूचअल फंड सहित सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में सोने चांदी के निवेश पर निवेशकों ने धनतेरस के मौके पर करोड़ों रूपए का निवेश किया है।
आरएमजे ग्रुप और रूपराज मोटर्स ने 195 और वरेण्यम ने बेची 560 कारें
आरएमजे ग्रुप/रूपराज मोटर्स के सुनील जैन 501 और अभिषेक जैन ने बताया कि धनतेरस के मौके पर हमारे जेके रोड़ स्थित मारूति एरीना शोरूम्स और आईएसबीटी स्थित नेक्सा शोरूम से करीब 195 गाड़ियों की डिलीवरी ग्राहकों को दी गई। वरेण्यम मोटर्स के विशाल जौहरी ने बताया कि शहर में हमारे चार शोरूम्स हैं और इन सभी शोरूम्स से महामुहूर्त धनतेरस पर 560 कारों की डिलीवरी ग्राहकों को दी। उन्होंने बताया कि पूरे शहर में करीब 2 हजार से अधिक चार पहिया वाहनों की बिक्री हुई। एक एवरेज 12 लाख रुपए प्रति वाहन के हिसाब से करीब 240 करोड़ रुपए की धनवर्षा हुई। भोपाल आटोमोबाइल्स डीलर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष पांडे के अनुसार धनतेरस पर शहर में करीब 4500 दुपहिया वाहन की बिक्री हुई। एवरेज 85000 रुपए प्रति गाड़ी के हिसाब से करीब 38 करोड़ 25 लाख रुपए के वाहन बिके। अत: चार पहिया और दुपहिया वाहनों का कुल बिक्री आंकड़ा 278 करोड़ रुपए से अधिक का है।
बर्तनों की खनक से चमके बर्तन बाजार
धनतेरस पर सबसे ज्यादा लोग बर्तन ही खरीदते हैं। ऐसे में बर्तन में इस बार पीतल के लोटे और चांदी के साथ ही तांबे के लोटे की मांग रही। स्टील के बर्तन भी लोगों ने खूब खरीदे। कारोबारियों की मानें तो धनतेरस पर करीब 20 करोड़ रुपए का बर्तनों का बिक्री हुई।
कपड़ा व एफएमसीजी समेत बाजार में रौनक
राजधानी वस्त्र व्यवसायी संघ के अध्यक्ष श्यामबाबू अग्रवाल के अनुसार कपड़ों के बाजारों गारमेंट्स, साड़ियों के अलावा अन्य दुकानों पर खासी भीड़ रही। दीपावली पर हर व्यक्ति कपड़े खरीदता है, ऐसे में बाजार में अच्छी भीड़ नजर आई। कुल मिलाकर उम्मीद के अनुरूप इस बार दीपावली पर भोपाल के बाजार झूमे। इस बाजार में करीब 30 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ।
त्योहारी मांग के दम पर 3,89,714 वाहन बिके
त्योहारी मांग के दम पर यात्री वाहनों की थोक बिक्री रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। वाहन विनिर्माताओं के संगठन सियाम के मुकाबिक अक्टूबर में खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 16 प्रतिशत बढ़कर 3,89,714 इकाई रही। अक्टूबर 2022 में यह 3,36,330 इकाई थी। इसी तरह तिपहिया खंड में भी अक्टूबर में अभी तक की सबसे अधिक 76,940 इकाइयों की मासिक आपूर्ति की गई। वाहन बनाने वाली कंपनियों के संगठन सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि यात्री वाहनों तथा तिपहिया वाहनों, दोनों ने अक्टूबर में अभी तक की सबसे अधिक बिक्री दर्ज की है। दोपहिया वाहन खंड ने भी अक्टूबर 2023 के महीने में अच्छी बिक्री दर्ज की। अक्टूबर में कुल दुपहिया वाहनों की बिक्री 20 प्रतिशत बढ़कर 18,95,799 इकाई हो गई, जो पिछले साल समान महीने में 15,78,383 इकाई थी।
चौतरफा रहा खरीदारी का माहौल
राजधानी के बाजारों में धनतेरस पर धन की जमकर बारिश हुई। त्योहारी उमंग के चलते शहर में चौतरफा खरीदारी का माहौल रहा है। पिछले साल के मुकाबले इस साल दो गुना ज्यादा ग्राहक की बाजारों में चहलकदमी रही। ऑटोमोबाइल्स से लेकर रियल एस्टेट, सराफा, बर्तन, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल्स, सजावटी सामग्री सहित अन्य दुकानों व शोरूमों पर खरीदारों की इतनी भीड़ उमड़ी कि पुराने शहर के चौक, लखेरापुरा, सिंधी मार्केट, जुमेराती, आजाद मार्केट में पैर रखने की जगह नहीं बची। इसी तरह नए शहर के न्यू मार्केट, जवाहर चौक, पीएंडटी, माता मंदिर, कोटरा सुल्तानाबाद, नेहरू नगर की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ रही। वहीं शहर के उपनगर कोलार, भेल, संत हिरदाराम नगर के बाजारों की सभी तरह की दुकानों पर सुबह 10 से रात 11 बजे तक लोग खरीदारी करते रहे। इससे कारोबार में व्यवसायियों की उम्मीद 40 फीसदी से 20 फीसदी अधिक 60 फीसदी का उछाल आया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS