मुख्यमंत्री के न मिलने पर दिग्विजय ने शुरू किया धरना, कमलनाथ से मिले शिवराज, दिग्विजय को फिर दिया मिलने का समय

मुख्यमंत्री के न मिलने पर दिग्विजय ने शुरू किया धरना, कमलनाथ से मिले शिवराज, दिग्विजय को फिर दिया मिलने का समय
X
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा मिलने का समय देने और फिर व्यस्तता बता कर न मिलने से नाराज कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपनी घोषणा के अनुसार सीएम हाउस के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। दूसरी तरफ स्टेट हैंगर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की आधा घंटे से ज्यादा की मुलाकात हुई। बाद में शिवराज सिंह ने दिग्विजय सिंह को भी 23 जनवरी को दोपहर 12 बजे मिलने का समय दिया है। दिग्विजय सिंह टेम एवं पार्वती नदी में बनने वाले बांध की डूब में आने वाले किसानों की मांग के संबंध में शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात करना चाहते हैं। कांग्रेसी दिग्विजय सिंह के साथ रामधुन गा रहे हैं। दिग्विजय ने कहा है कि जब तक मुख्यमंत्री नहीं मिलते हैं, वे धरना समाप्त नहीं करेंगे।

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh) द्वारा मिलने का समय देने और फिर व्यस्तता बता कर न मिलने से नाराज कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपनी घोषणा के अनुसार सीएम हाउस के सामने शुक्रवार को सुबह 11 बजे के बाद धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। दूसरी तरफ स्टेट हैंगर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की आधा घंटे से ज्यादा की मुलाकात हुई। बाद में शिवराज सिंह ने दिग्विजय सिंह को भी 23 जनवरी को दोपहर 12 बजे मिलने का समय दिया है। दिग्विजय सिंह टेम एवं पार्वती नदी में बनने वाले बांध की डूब में आने वाले किसानों की मांग के संबंध में शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात करना चाहते हैं।

दिग्विजय ने कहा, नहीं मिला पत्रों का जवाब

प्रदर्शन के दौरान मीडिया से बात करते हुए दिग्विजय सिंह ने बताया कि टेम एवं पार्वती नदी में बनने वाले बांध के विरोध में हम नहीं है। यह मेरे कार्यकाल में ही स्वीकृत हुआ था। इसके डूब में भोपाल जिले की बैरसिया, विदिशा की लटेरी, राजगढ़ की ब्यावरा तथा गुना जिले की राघौगढ़ तहसील के किसान आते हैं। जनजागरण यात्रा के दौरान मुझे किसानों ने समस्या बताई। उन्होंने कहा कि मुआवजा एक सामान नहीं मिल रहा है। उनकी और भी समस्याएं हैं। सिंह ने बताया कि इस संदर्भ में मैंने मुख्यमंत्री सहित अफसरों को पत्र लिखा था लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। मैं डेढ़ माह से मिलने का समय मांग रहा हूं। अब समय दिया और फिर व्यस्तता बता कर मिलने से भी इंकार कर दिया। किसान अपनी समस्या बताना चाहते हैं।

रामधुन गा रहे हैं कांग्रेसी

प्रशासन ने दिग्वजय सिंह और उनके समर्थकों को सीएम हाउस के सामने पहुंचने से रोक दिया है। लिहाजा वे धरने में बैठ गए हैं और रामधुन रघुपति राघव राजाराम..गा रहे हैं। दिग्विजय ने कहा है कि वे मुख्यमंत्री से मुलाकात होने पर ही यहां से उठेंगे।

Tags

Next Story